(तस्वीरों के साथ)
(योषिता सिंह)
न्यूयॉर्क, 30 जून (भाषा) न्यूयॉर्क में आयोजित एक खाद्य व्यापार मेले में 70 से अधिक भारतीय प्रदर्शक कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों का प्रदर्शन कर रहे हैं।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, उत्तर अमेरिका की प्रमुख विशेष खाद्य प्रदर्शनी ‘2026 समर फैंसी फूड शो’ में भारत की अब तक की सबसे बड़ी भागीदारी देखने को मिली। इसमें भारतीय खाद्य ब्रांड, निर्यातक और नवाचारकर्ता एक साथ शामिल हुए हैं। इससे भारतीय निर्यातकों को अमेरिकी बाजार में अपना कारोबार मजबूत करने का अवसर मिल है।
भारतीय वाणिज्य दूतावास ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि न्यूयॉर्क में भारत के महावाणिज्य दूत बिनय प्रधान और मिशेलिन स्टार शेफ विकास खन्ना ने सोमवार को जैकब के. जेविट्स कन्वेंशन सेंटर में भारत मंडप का उद्घाटन किया। यह व्यापार मेला 28 से 30 जून तक आयोजित किया जा रहा है।
विज्ञप्ति में कहा गया कि भारत सरकार के वाणिज्य विभाग के अंतर्गत कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीईडीए) तथा भारतीय व्यापार संवर्धन संगठन (आईटीपीओ) द्वारा संयुक्त रूप से स्थापित यह मंडप दुनिया भर के खरीदारों, खुदरा विक्रेताओं और वितरकों के समक्ष भारत के कृषि व प्रसंस्कृत खाद्य उद्योग की समृद्धि, विविधता तथा गुणवत्ता प्रदर्शित कर रहा है।
विकास खन्ना ने कहा कि प्रदर्शित किया गया हर उत्पाद भारत के खाद्य क्षेत्र से जुड़े लाखों लोगों के सपनों और आजीविका का प्रतिनिधित्व करता है।
उन्होंने कहा, ‘‘ हर दाने, हर मसाले और हर पैकेज के पीछे हमारे किसानों, व्यापारियों, विनिर्माताओं, फैक्टरी कर्मियों, निर्यातकों, वितरकों और खुदरा विक्रेताओं सहित लाखों भारतीयों की मेहनत है।’’
बासमती चावल, मसाले, ‘रेडी-टू-ईट’ खाद्य पदार्थ, पेय पदार्थ, जैविक उत्पाद, फ्रोजन फूड, स्नैक्स और मूल्यवर्धित कृषि उत्पादों सहित विभिन्न श्रेणियों के निर्यातक यहां मंडप में अपने उत्पाद प्रदर्शित कर रहे हैं। भारतीय आम प्रदर्शनी और बासमती पाक कला प्रदर्शनी यहां प्रमुख आकर्षण हैं।
अन्य एक पहल के तहत भारतीय वाणिज्य दूतावास ने परिधान निर्यात संवर्धन परिषद (एईपीसी) के सहयोग से भारत-अमेरिका व्यापार सुविधा मंच के माध्यम से सोमवार को भारतीय वस्त्र एवं परिधान क्षेत्र की पहली ऑनलाइन प्रदर्शनी और खरीदार-विक्रेता बैठक का आयोजन भी किया।
इस कार्यक्रम में भारत के 22 वस्त्र एवं परिधान निर्यातकों और अमेरिका के 40 आयातकों ने भाग लिया।
भाषा निहारिका
निहारिका