अमेरिका-भारत संबंध पिछले 30 वर्षों में सबसे निचले स्तर पर पहुंच गए: रो खन्ना

Ads

अमेरिका-भारत संबंध पिछले 30 वर्षों में सबसे निचले स्तर पर पहुंच गए: रो खन्ना

  •  
  • Publish Date - June 30, 2026 / 12:56 PM IST,
    Updated On - June 30, 2026 / 12:56 PM IST

(सागर कुलकर्णी)

वॉशिंगटन, 30 जून (भाषा) भारतीय मूल के अमेरिकी सांसद रो खन्ना ने कहा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेहद विनाशकारी नीतियों के कारण अमेरिका और भारत के संबंध पिछले 30 वर्षों के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गए हैं।

अमेरिका-भारत रणनीतिक साझेदारी मंच नेतृत्व शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए रो खन्ना ने दावा किया कि हाल ही में उनकी चीन यात्रा के दौरान वहां भारत के राजदूत ने उनसे कहा कि ट्रंप की नीतियों की वजह से दोनों देशों के बीच भरोसा खत्म हो गया है।

रो खन्ना ने कहा ‘‘ मैं बातों को घुमा-फिराकर कहने वालों में से नहीं हूं। चीजें जैसी हैं मैं उन्हें वैसा ही बताता हूं। अमेरिका-भारत संबंध पिछले 30 वर्षों में अपने सबसे निचले स्तर पर हैं।’’

उन्होंने कहा कि,‘‘ ईरान के साथ युद्ध में शामिल होने की ट्रंप की नीति बेहद विनाशकारी साबित हुई है। इसका भारत में पेट्रोल और गैस की कीमतों पर भी बुरा असर पड़ा है। अगर आपको मेरी बात पर भरोसा नहीं है, तो विदेश मंत्री एस. जयशंकर से पूछ लीजिए।’’

कैलिफोर्निया से डेमोक्रेटिक पार्टी के सांसद, ‘‘ मैं चीन गया था। वहां भारत के राजदूत ने मुझसे कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप की नीतियों के कारण दोनों देशों के बीच भरोसा खत्म हो गया है। अगर हम वर्तमान राष्ट्रपति द्वारा किए गए नुकसान के बारे में सच नहीं बोलेंगे, तो इसका मतलब है कि हम वास्तविकता से आंखें मूंद हैं।’’

रो खन्ना ने ट्रंप की ईरान और क्यूबा को धमकाने तथा ग्रीनलैंड पर कब्जा करने की नीतियों की भी कड़ी आलोचना की।

उन्होंने कहा,‘‘ अब अमेरिका अपना नैतिक नजरिया भूल चुका है। उसकी विदेश नीति ‘जिसकी लाठी,उसकी भैंस’ जैसी हो गई है। वह केवल ईरान को ही नहीं, बल्कि क्यूबा को भी धमका रहा है और ग्रीनलैंड पर कब्जा करने की बात कर रहा है। और हम ऐसे व्यवहार कर रहे हैं जैसे सब कुछ सामान्य हो।’’

ट्रंप के अमेरिका को कृत्रिम मेधा के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए रो खन्ना ने कहा,‘‘ दुनिया के शीर्ष एआई शोधकर्ताओं में 38 प्रतिशत चीनी मूल के हैं और 72 प्रतिशत ने विदेशों से शिक्षा प्राप्त की है। राष्ट्रपति यह नहीं समझते कि अमेरिका को प्रतिभाशाली लोगों को आकर्षित करना चाहिए, न कि उन्हें दूर धकेलना चाहिए।’’

रो खन्ना ने ट्रंप को ‘‘प्रभावहीन’’ राष्ट्रपति बताते हुए दावा किया कि डेमोक्रेटिक पार्टी आगामी मध्यावधि चुनावों और 2028 के राष्ट्रपति चुनाव में निर्णायक जीत हासिल करेगी।

भाषा शोभना संतोष

संतोष