देश के निर्यात में अप्रैल-मई में दहाई अंक में वृद्धि: अधिकारी

Ads

देश के निर्यात में अप्रैल-मई में दहाई अंक में वृद्धि: अधिकारी

  •  
  • Publish Date - June 1, 2026 / 06:35 PM IST,
    Updated On - June 1, 2026 / 06:35 PM IST

नयी दिल्ली, एक जून (भाषा) देश के निर्यात में चालू वित्त वर्ष 2026-27 के अप्रैल-मई माह के दौरान दहाई अंक में वृद्धि दर्ज की गई है। एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने यह भी कहा कि वाणिज्य मंत्रालय भारत के मुक्त व्यापार समझौतों के बारे में जानकारी देने के लिए 1,000 लोगों को नियुक्त करेगा।

वाणिज्य मंत्रालय 15 जून को मई के व्यापार आंकड़े जारी करेगा।

अधिकारी ने कहा, ‘‘ इन दो महीनों के दौरान निर्यात में दहाई अंक में वृद्धि हुई है।’’

अप्रैल में निर्यात 13.78 प्रतिशत बढ़कर 43.56 अरब डॉलर रहा जो पिछले चार वर्ष में सबसे अधिक मासिक निर्यात है। यह वृद्धि मुख्य रूप से कच्चे तेल की कीमतों में वृद्धि के बीच पेट्रोलियम उत्पादों के कारण हुई।

इसी दौरान व्यापार घाटा बढ़कर तीन महीने के उच्चस्तर 28.38 अरब डॉलर पर पहुंच गया। इसका कारण आयात में वृद्धि है।

अधिकारी ने यह भी बताया कि वाणिज्य मंत्रालय भारत के मुक्त व्यापार समझौतों के बारे में जानकारी देने के लिए देश भर से 1,000 लोगों को नियुक्त करेगा।

उन्होंने कहा, ‘‘हमें विभिन्न भाषाओं के लोगों की आवश्यकता है…। नियुक्ति प्रक्रिया के लिए कागजी कार्रवाई चल रही है।

भारत ने संयुक्त अरब अमीरात, ओमान, ऑस्ट्रेलिया, ईएफटीए ब्लॉक और मॉरीशस के साथ मुक्त व्यापार समझौते लागू किए हैं। इसने ब्रिटेन, न्यूजीलैंड और यूरोपीय संघ के साथ भी इन समझौतों को अंतिम रूप दे दिया है।

भाषा रमण अजय

अजय