नलबाड़ी(असम), एक जून (भाषा) असम के नलबाड़ी जिले में कथित तौर पर एकतरफा प्यार के मामले में एक किशोर ने अखिल असम छात्र संघ (आसू) के एक स्थानीय नेता की दाव से हमला करके हत्या कर दी और उनकी चचेरी बहन को गंभीर रूप से घायल कर दिया। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
दाव एक प्रकार के धार
हालांकि, पुलिस की गिरफ्त से भागने की कोशिश करने पर की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी किशोर भी मारा गया है।
दोनों पर हमला रविवार शाम को जगारा के पास गंगापुर गांव में तब हुआ, जब वे नलबाड़ी नगर से कुछ किताबें खरीदकर घर लौट रहे थे।
हमलावर सोमवार को मुकलमुआ के एक ‘चार’ (नदी द्वीप पर ) में मारा गया।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि हमले में आसू नेता मधुर्ज्य बर्मन के सिर और गर्दन पर गंभीर चोट आई। बर्मन को तत्काल नलबाड़ी चिकित्सा महाविद्यालय व अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बर्मन आसू की क्षेत्रीय इकाई पश्चिम नलबाड़ी आंचलिक सत्र संस्था के सहायक सचिव थे। उनकी रिश्ते की बहन 11वीं कक्षा की छात्रा है और हमले में गंभीर रूप से घायल हैं और गुवाहाटी के चिकित्सा महाविद्यालय व अस्पताल में उनका इलाज किया जा रहा है।
अधिकारी ने बताया, ‘‘प्राप्त सूचना के अनुसार, आरोपी की पहचान आशिक अली उर्फ रोज अली के रूप में हुई है और उसने आसू नेता के स्कूटर को बहन के घर से 300 मीटर दूर रोककर उन पर धारदार हथियार से हमला किया।’’
नलबाड़ी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) विवेकानंद दास ने बताया कि पुलिस को मुकलमुआ के एक भीतरी इलाके में अली की मौजूदगी की सूचना मिली थी और उसे पकड़ने के लिए एक टीम तुरंत वहां पहुंची। वह रविवार रात को नदी के किनारे स्थित द्वीप पर भाग गया था।
उन्होंने बताया, ‘‘हमने उसे वहीं पकड़ लिया। हम वारदात में इस्तेमाल हथियार को बरामद करने के लिए उसके बताए स्थान पर गए थे, लेकिन उसने अचानक एक पुलिसकर्मी से राइफल छीन ली और टीम पर तीन गोलियां चलाईं, जो हमारे वाहनों को लगीं। जवाबी कार्रवाई में, पुलिसकर्मियों ने उस पर गोली चलाई और एक गोली उसकी छाती में जा लगी।’’
पुलिस ने बताया कि हालांकि उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि यह घटना एकतरफा प्रेम प्रसंग का है। उन्होंने बताया कि अली ने कुछ समय पहले बर्मन की घायल बहन को प्रेम प्रस्ताव दिया था जिसे उसने सिरे से ठुकरा दिया था।
उन्होंने बताया, ‘‘हमलावर ने नौवीं कक्षा में पढ़ाई के दौरान प्रेम प्रस्ताव दिया था और दोनों हमउम्र हैं। प्रस्ताव ठुकराए जाने से आहत होकर अली ने लड़की को उसके माता-पिता के सामने जान से मारने की धमकी दी थी।’’
अधिकारी ने बताया कि लड़की के माता-पिता पुलिस के समक्ष मामले में शिकायत दर्ज कराना चाहते थे, लेकिन अली के परिवार के अनुरोध और दोबारा परेशान नहीं किये जाने के वादे की वजह से परिवार ने शिकायत दर्ज नहीं कराई।
उन्होंने बताया, ‘‘ लेकिन, अली ने अचानक लड़की पर हमला कर दिया, उसे बचाने के दौरान भाई की जान चली गई।’’
आसू के उपाध्यक्ष भावजीत बेजबरुआ ने हमले की निंदा की और मांग की कि आरोपियों को तत्काल कानून के कटघरे में लाया जाए।
आसू ने नलबाड़ी कस्बे की मुख्य सड़कों पर विरोध रैली निकाली, घटना के खिलाफ नारे लगाए और मृतक के लिए न्याय की मांग की।
भाषा धीरज माधव
माधव