भारत के विनिर्माण क्षेत्र की वृद्धि सितंबर में सात महीने के उच्च स्तर पर
भारत के विनिर्माण क्षेत्र की वृद्धि सितंबर में सात महीने के उच्च स्तर पर
नयी दिल्ली, एक अक्टूबर (भाषा) देश के विनिर्माण क्षेत्र की वृद्धि सितंबर में सात महीने के उच्च स्तर पर पहुंच गई। नए ऑर्डर और उत्पादन में तेजी इसकी मुख्य वजह रही। बृहस्पतिवार को जारी मासिक सर्वेक्षण में यह जानकारी दी गई।
भारतीय विनिर्माण क्षेत्र की गतिविधियों में सितंबर में फिर तेजी आई, जिसे घरेलू एवं निर्यात मांग में मजबूती से बढ़ावा मिला। इसके अलावा, कारोबारी धारणा चार महीने के उच्चस्तर पर पहुंच गई।
मौसमी रूप से समायोजित एचएसबीसी इंडिया विनिर्माण खरीद प्रबंधक सूचकांक (पीएमआई) सितंबर में दो से अधिक अंक बढ़कर 55.1 हो गया, जो अगस्त में 52.8 था। यह सात महीने में क्षेत्र की स्थिति में सबसे मजबूत सुधार का संकेत है।
खरीद प्रबंधक सूचकांक (पीएमआई) में 50 से ऊपर का आंकड़ा विस्तार जबकि 50 से नीचे का आंकड़ा गिरावट को दर्शाता है।
एचएसबीसी की मुख्य भारत अर्थशास्त्री प्रांजल भंडारी ने कहा, ‘‘भारतीय कारखाना क्षेत्र ने तिमाही का अंत मजबूत स्थिति के साथ किया। पीएमआई सितंबर में बढ़कर 55.1 हो गया, जो अगस्त में 52.8 था। घरेलू और विदेशी मांग में मजबूती से बिक्री एवं उत्पादन को बढ़ावा मिला। मई के बाद रोजगार में सबसे तेज गति से फिर वृद्धि हुई और विनिर्माताओं का आने वाले महीनों को लेकर भरोसा भी बढ़ा।’’
कीमतों के मोर्चे पर कच्चे माल की लागत और बिक्री कीमतों में वृद्धि की गति तेज हुई, लेकिन महंगाई की दर ऐतिहासिक मानकों के हिसाब से अब भी हल्की रही।
कंपनियों ने उत्पादन प्रक्रिया में इस्तेमाल करने और भंडार बढ़ाने के लिए अधिक सामग्री खरीदी। कुल खरीद में अगस्त के मुकाबले तेज गति से वृद्धि हुई।
भंडारी ने कहा, ‘‘कंपनियों ने अनुमानित बिक्री की तैयारी के लिए अधिक सामग्री खरीदी और भंडार बढ़ाया। तैयार माल के भंडार में करीब 12 साल में दूसरी सबसे बड़ी वृद्धि दर्ज की गई, जो कम भंडार रखने की प्रवृत्ति से स्पष्ट बदलाव का संकेत है।’’
इलेक्ट्रॉनिक, खाद्य, दवा और कपड़ा क्षेत्रों में मजबूत मांग से कुल बिक्री वृद्धि फरवरी के बाद के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई। इसके अलावा, ब्राजील, यूरोप, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और अमेरिका के ग्राहकों से निर्यात ऑर्डर में भी अगस्त के मुकाबले तेज गति से वृद्धि हुई।
सर्वेक्षण में शामिल प्रतिभागियों के अनुसार, पिछले महीने थोड़ी गिरावट के बाद सितंबर में रोजगार में फिर वृद्धि हुई। रोजगार में वृद्धि की गति मजबूत रही और मई के बाद सबसे तेज रही।
भारतीय विनिर्माताओं ने सितंबर में अपने उत्पादन के अनुमान को बढ़ाया और सकारात्मक धारणा का कुल स्तर चार महीने के उच्चस्तर पर पहुंच गया। इस सकारात्मक रुख की वजह नए ऑर्डर की अच्छी संभावनाएं और मांग के लगातार मजबूत बने रहने की उम्मीद रही।
रिपोर्ट में कहा गया, ‘‘तैयार उत्पादों का भंडार लगातार तीसरे महीने बढ़ा और 11.5 साल में दूसरी सबसे तेज गति से बढ़ा। जुलाई में वृद्धि इससे अधिक थी।’’
एचएसबीसी इंडिया विनिर्माण पीएमआई को एसएंडपी ग्लोबल करीब 400 विनिर्माताओं के खरीद प्रबंधकों के एक समूह को भेजी गई प्रश्नावली के जवाब के आधार पर तैयार करता है।
भाषा निहारिका मनीषा
मनीषा
लेखक के बारे में
Web Title: भारत के विनिर्माण क्षेत्र की वृद्धि सितंबर में सात महीने के उच्च स्तर पर
बिज़नेस
और भी पढ़ें ›मारुति सुजुकी की सितंबर में कुल बिक्री 24 प्रतिशत बढ़कर 2.36 लाख इकाई पर
01 Oct 2026 | 2:15 pm
Pyaj Ka Rate Double: जिस प्याज के लिए देते थे 30 रुपये, अब वही 60 के पार! अचानक बढ़े दामों से रसोई का बजट हुआ बेहाल
01 Oct 2026 | 2:04 pmहोंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया की सितंबर में वाहन बिक्री 24 प्रतिशत बढ़कर 7.06 लाख इकाई
01 Oct 2026 | 1:53 pmअशोक लेलैंड की सितंबर में वाहन बिक्री 28 प्रतिशत बढ़कर 24,409 इकाई
01 Oct 2026 | 1:43 pmरॉयल एनफील्ड की सितंबर में कुल बिक्री आठ प्रतिशत बढ़कर 1,33,958 इकाई
01 Oct 2026 | 1:24 pmजापान के केंद्रीय बैंक के सर्वेक्षण में कारोबारी धारणा लगातार छठी तिमाही में सुधरी
01 Oct 2026 | 1:04 pmबजाज ऑटो की सितंबर में कुल बिक्री पांच प्रतिशत बढ़कर 5,38,443 इकाई
01 Oct 2026 | 12:46 pmजीएसटी संग्रह सितंबर में 14.7 प्रतिशत बढ़कर 2 लाख करोड़ रुपये के पार
01 Oct 2026 | 11:56 am