नयी दिल्ली, नौ सितंबर (भाषा) वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बुधवार को कहा कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद चालू वित्त वर्ष 2026-27 के पहले पांच माह (अप्रैल-अगस्त) के दौरान भारत के वस्तु निर्यात में करीब 15 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज होने का अनुमान है।
यहां आयोजित ब्रिक्स महिला कारोबार गठबंधन (डब्ल्यूबीए) महिला नेतृत्व विकास शिखर सम्मेलन 2026 को संबोधित करते हुए गोयल ने कहा कि भारत और ब्रिक्स देशों के बीच वस्तुओं और सेवाओं के व्यापार को बढ़ाने की काफी गुंजाइश है।
गोयल ने कहा, ‘‘आज दुनिया जिन चुनौतियों से गुजर रही है उससे हम अच्छी तरह से परिचित हैं। हम यह भी जानते हैं कि घरेलू व्यापार में कुछ नरमी आई है। इसके बावजूद मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि चालू वित्त वर्ष के पहले पांच महीनों यानी अप्रैल से अगस्त के दौरान भारत के वस्तु निर्यात में 15 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है।’’
वाणिज्य मंत्रालय 15 सितंबर को अगस्त महीने के निर्यात और आयात के आंकड़े आधिकारिक रूप से जारी करेगा।
चालू वित्त वर्ष में अप्रैल-जुलाई के दौरान भारत का निर्यात 17.04 प्रतिशत बढ़कर 173.78 अरब डॉलर हो गया, जबकि आयात 19.27 प्रतिशत बढ़कर 292.38 अरब डॉलर रहा।
भाषा यासिर अजय
अजय