नयी दिल्ली, नौ सितंबर (भाषा) श्रीलंकन एयरलाइंस ने विपुल मिश्रा को कंपनी का कार्यवाहक मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) नियुक्त करने की बुधवार को घोषणा की।
कानपुर निवासी मिश्रा एयरलाइन के इंजीनियरिंग विभाग का नेतृत्व भी जारी रखेंगे।
श्रीलंकन एयरलाइंस श्रीलंका की राष्ट्रीय एयरलाइन कंपनी है। कंपनी की वेबसाइट के अनुसार, उसके बेड़े में कुल 23 विमान हैं, जिनमें ए330 विमान की संख्या 10 हैं।
कंपनी ने बयान में कहा, ‘‘मिश्रा के पास विमान इंजीनियरिंग और विमानन क्षेत्र में नेतृत्व का दो दशक से अधिक का अनुभव है। उनका अनुभव एयर इंडिया, विस्तारा, इंडिगो, स्पाइसजेट, किंगफिशर एयरलाइंस और एयर डेक्कन जैसी बड़ी वाणिज्यिक एयरलाइन से जुड़ा रहा है।’’
‘लिंक्डइन’ मंच पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, मिश्रा ने दिल्ली फ्लाइंग क्लब से विमान रखरखाव इंजीनियरिंग में डिप्लोमा और हैदराबाद स्थित नलसर से हवाई क्षेत्र से जुड़े कानून में परास्नातक की डिग्री हासिल की है।
भाषा
यासिर अजय
अजय