पुणे, नौ सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र के पुणे के कात्रज इलाके में बुधवार को एक बहुमंजिला आवासीय इमारत की छत से कथित रूप से छलांग लगाने के बाद एमबीबीएस की द्वितीय वर्ष की एक छात्रा की मौत हो गई। छात्रा के भाई ने आशंका जताई है कि परीक्षा के तनाव के कारण उसने यह कदम उठाया होगा।
पुलिस ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सुदर्शन गायकवाड़ ने बताया कि भारती विद्यापीठ पुलिस थाने के अधिकार क्षेत्र में आने वाली नैंसी लेक होम सोसायटी में यह घटना दोपहर करीब 12 बजे हुई।
मृतका की पहचान आदि माया शेखर रेड्डी (21) के रूप में हुई है। वह अपने भाई डॉ. आदि अदीम शेखर रेड्डी के साथ उक्त सोसायटी में रहती थी।
डॉ. रेड्डी ने पुलिस को बताया कि उनकी बहन का किसी से कोई झगड़ा या तनावपूर्ण संबंध नहीं था। उन्होंने कहा कि उसकी परीक्षाएं चल रही थीं और संभव है कि वह इसी कारण तनाव में रही हो।
पुलिस निरीक्षक गायकवाड़ ने बताया कि जांच के लिए पुलिस ने छात्रा का लैपटॉप और मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिया है।
भाषा रवि कांत रवि कांत माधव
माधव