इंडिगो ने आईएटीए के प्रमुख विलियम वॉल्श को सीईओ नियुक्त किया

इंडिगो ने आईएटीए के प्रमुख विलियम वॉल्श को सीईओ नियुक्त किया

इंडिगो ने आईएटीए के प्रमुख विलियम वॉल्श को सीईओ नियुक्त किया
Modified Date: March 31, 2026 / 05:36 pm IST
Published Date: March 31, 2026 5:36 pm IST

नयी दिल्ली, 31 मार्च (भाषा) देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने अंतरराष्ट्रीय हवाई परिवहन संघ (आईएटीए) के महानिदेशक विलियम वॉल्श को अपना नया मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) नियुक्त करने की मंगलवार को घोषणा की।

यह घोषणा इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स के पिछले साल दिसंबर में अचानक इस्तीफा देने के लगभग तीन सप्ताह बाद की गई है।

वॉल्श को आमतौर पर ‘विली’ के नाम से जाना जाता है। वह इससे पहले ब्रिटिश एयरवेज और इंटरनेशनल एयरलाइंस ग्रुप (आईएजी) के सीईओ रह चुके हैं। आईएजी एक होल्डिंग कंपनी है जिसके तहत एयर लिंगस, ब्रिटिश एयरवेज, आइबेरिया, लेवल और वुएलिंग जैसी विमानन कंपनियां संचालित होती हैं।

इंडिगो की ओर से जारी बयान के अनुसार, यह नियुक्ति नियामकीय स्वीकृतियों के अधीन है। वॉल्श का आईएटीए में कार्यकाल 31 जुलाई को समाप्त हो रहा है और उनके तीन अगस्त तक कार्यभार संभालने की उम्मीद है।

अंतरराष्ट्रीय हवाई परिवहन संघ (आईएटीए) इंडिगो, एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस और स्पाइसजेट सहित एयरलाइन कंपनियों का वैश्विक समूह है।

इंडिगो की मूल कंपनी इंटरग्लोब एविएशन के निदेशक मंडल ने वॉल्श की नियुक्ति को मंगलवार को मंजूरी दे दी।

इंडिगो के प्रबंध निदेशक राहुल भाटिया ने कहा, ‘‘ परिवर्तन और वृद्धि के नए चरण में प्रवेश करने के साथ, मुझे इंडिगो में विली का स्वागत करते हुए खुशी हो रही है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ विमानन जगत में वॉल्श एक प्रतिष्ठित एवं सफल नाम हैं, जिनके पास वैश्विक दृष्टिकोण, परिचालन विशेषज्ञता, ग्राहक-केंद्रित विमानन कंपनी के निर्माण का अनुभव और उद्योग की गहरी समझ है जो कंपनी के विकास के इस महत्वपूर्ण दौर में नेतृत्व के लिए उन्हें उपयुक्त बनाता है।’’

वॉल्श उन कुछ सीईओ में से एक होंगे जो पायलट भी हैं। भारतीय एयरलाइन कंपनी का नेतृत्व करने वाले पायलट की संख्या बहुत कम है। वह इंडिगो के तीसरे विदेशी सीईओ होंगे।

उद्योग जगत के एक वरिष्ठ अधिकारी एवं वॉल्श के परिचित ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि इंडिगो के लिए उनकी नियुक्ति बेहद फायदेमंद है क्योंकि वे एयरलाइन संचालन को बारीकी से समझते हैं और उनके पास व्यापक वैश्विक अनुभव है।

अपनी नियुक्ति के बारे में वॉल्श ने कहा कि इंडिगो का नेतृत्व करने का अवसर पाकर वह बेहद प्रसन्न हैं। कंपनी की नींव मजबूत है, उसका दृष्टिकोण प्रभावशाली है और उसकी प्रतिष्ठा असाधारण है।

उन्होंने कहा, ‘‘ मुझे सबसे ज्यादा प्रभावित इसके लोगों, उनके जुनून, पेशेवर रवैये एवं प्रतिबद्धता ने किया है। विमानन क्षेत्र तेजी से बदल रहा है और इंडिगो इस बदलाव में सबसे आगे रहने के लिए बेहद अच्छी स्थिति में है।’’

भाषा निहारिका अजय

अजय


लेखक के बारे में