इन्फोसिस, एक्सेंचर भारत में करियर विकास के लिए शीर्ष कंपनियां: लिंक्डइन

Ads

इन्फोसिस, एक्सेंचर भारत में करियर विकास के लिए शीर्ष कंपनियां: लिंक्डइन

  •  
  • Publish Date - April 28, 2026 / 04:18 PM IST,
    Updated On - April 28, 2026 / 04:18 PM IST

नयी दिल्ली, 28 अप्रैल (भाषा) सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी इन्फोसिस भारत में करियर विकास के लिए शीर्ष कंपनी बनकर उभरी है। इसके बाद एक्सेंचर और अमेजन का स्थान है। यह जानकारी मंगलवार को जारी लिंक्डइन की ‘2026 शीर्ष कंपनियां’ सूची में दी गई है।

वार्षिक सूची का यह 10वां संस्करण है, जिसमें 25 बड़ी कंपनियों को शामिल किया गया है। इस सूची में प्रौद्योगिकी क्षेत्र की दिग्गज कंपनियों, वैश्विक सलाहकार फर्मों और वित्तीय दिग्गजों का दबदबा है। जेपी मॉर्गन चेस और एसएपी ने क्रमशः चौथा और पांचवां स्थान हासिल किया है।

वर्ष 2026 की इस सूची में दस नई कंपनियों ने प्रवेश किया है। उल्लेखनीय नए नामों में एसएपी, एनवीडिया, एचपी, माइक्रोसॉफ्ट, सैंडिस्क, मार्वेल टेक्नोलॉजी और थॉमसन रॉयटर्स जैसी प्रौद्योगिकी कंपनियां शामिल हैं।

भौगोलिक लिहाज से इन शीर्ष कंपनियों के लिए बेंगलुरु प्रमुख प्रतिभा केंद्र के रूप में अग्रणी बना हुआ है। इसके ठीक बाद हैदराबाद का स्थान है, जबकि दिल्ली, मुंबई और चेन्नई बड़ी कंपनियों के लिए प्रमुख भर्ती केंद्र बने हुए हैं।

रिपोर्ट में भर्ती के रुझानों में बदलते ध्यान के बारे में भी बताया गया है। कंपनियां तेजी से ऐसे पेशेवरों की तलाश कर रही हैं जो तकनीकी दक्षता के साथ मानवीय कौशल को जोड़ सकते हैं, जिन्हें कृत्रिम मेधा (एआई) प्रतिस्थापित नहीं कर सकता है।

लिंक्डइन करियर विशेषज्ञ और भारत में वरिष्ठ प्रबंध संपादक निरजीता बनर्जी ने कहा, ”प्रौद्योगिकी, वित्त और सॉफ्टवेयर क्षेत्र की कंपनियां ऐसे पेशेवरों की तलाश कर रही हैं जो मानवीय शक्तियों को एआई के साथ काम करने की क्षमता से जोड़ सकें, ताकि दक्षता और मूल्य को अधिकतम किया जा सके।”

भाषा पाण्डेय रमण

रमण