गोल्ड ईटीएफ में निवेश जनवरी में दोगुना से अधिक होकर 24,040 करोड़ रुपये

गोल्ड ईटीएफ में निवेश जनवरी में दोगुना से अधिक होकर 24,040 करोड़ रुपये

गोल्ड ईटीएफ में निवेश जनवरी में दोगुना से अधिक होकर 24,040 करोड़ रुपये
Modified Date: February 10, 2026 / 04:49 pm IST
Published Date: February 10, 2026 4:49 pm IST

नयी दिल्ली, 10 फरवरी (भाषा) भू-राजनीतिक जोखिम बढ़ने के बीच सोने की कीमतों में तेजी आने से जनवरी में गोल्ड ईटीएफ में निवेश में तेज उछाल आया और यह 11,647 करोड़ रुपये से दोगुना से अधिक होकर 24,040 करोड़ रुपये हो गया।

उद्योग निकाय एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (एम्फी) द्वारा मंगलवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, पहली बार गोल्ड ईटीएफ (एक्सचेंज-ट्रेडेड फंड) में निवेश इक्विटी म्यूचुअल फंड से मामूली अधिक रहा, जिसमें जनवरी में 24,028.6 करोड़ रुपये का निवेश हुआ।

‘द वेल्थ कंपनी म्यूचुअल फंड’ के मुख्य सूचना अधिकारी (ऋण) उमेश शर्मा ने कहा कि जनवरी में गोल्ड ईटीएफ में रिकॉर्ड निवेश ‘‘ अन्य प्रमुख परिसंपत्ति वर्गों की तुलना में सोने और चांदी के बेहतर एक वर्षीय प्रदर्शन’’ से प्रेरित रहा।

‘ग्रो म्यूचुअल फंड’ के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) वरुण गुप्ता ने कहा कि मजबूत निवेश प्रवाह निवेश परिसंपत्ति के रूप में सोने के बढ़ते वित्तीयकरण को दर्शाता है। इस रुझान से निवेशकों के व्यवहार में बदलाव झलकता है।

‘मॉर्निंगस्टार इन्वेस्टमेंट रिसर्च इंडिया’ की वरिष्ठ विश्लेषक नेहल मेश्राम ने कहा कि सुरक्षित निवेश विकल्प और विविधीकरण के साधन के रूप में आकर्षण से सोने के प्रति निवेशकों की रुचि मजबूत बनी हुई है।

इस ताजा निवेश के साथ चालू वित्त वर्ष 2025-26 में गोल्ड ईटीएफ में कुल प्रवाह करीब 61,000 करोड़ रुपये पहुंच गया है।

आदित्य बिड़ला सन लाइफ एएमसी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) ए. बालासुब्रमण्यम ने कहा कि सोने और चांदी की कीमतों में हालिया तेजी से गोल्ड व सिल्वर ईटीएफ की मांग में भी तेज वृद्धि हुई है क्योंकि निवेशक कीमती धातुओं में निवेश के विविध विकल्प तलाश रहे हैं। हालांकि, दीर्घकालिक संपत्ति सृजन के लिए इक्विटी अब भी पसंदीदा परिसंपत्ति खंड बना है।

सोने की कीमतें पिछले महीने अब तक के उच्चतम स्तर पर 1.8 लाख रुपये 10 ग्राम पर पर पहुंच गई थीं।

गोल्ड ईटीएफ की प्रबंधन अधीन परिसंपत्तियां (एयूएम) जनवरी के अंत में बढ़कर 1.84 लाख करोड़ रुपये हो गईं जो एक साल पहले 1.28 लाख करोड़ रुपये थीं।

एम्फी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) वेंकट एन. चलसानी ने कहा कि गोल्ड व सिल्वर ईटीएफ में मापी गई हिस्सेदारी निवेशकों के विविधीकरण तथा खंड स्थिरता के प्रति संतुलित दृष्टिकोण को दर्शाती है।

गोल्ड ईटीएफ के अलावा क्षेत्र आधारित और सूचकांक से जुड़े उत्पादों सहित अन्य ईटीएफ में भी भागीदारी बढ़ी। इनमें जनवरी में 15,006 करोड़ रुपये का निवेश हुआ जबकि दिसंबर में यह 13,199 करोड़ रुपये रहा था।

भाषा निहारिका अजय

अजय


लेखक के बारे में