भारत में आईफोन 18 शृंखला की बिक्री शुरू, एप्पल स्टोर के बाहर लगीं कतारें
भारत में आईफोन 18 शृंखला की बिक्री शुरू, एप्पल स्टोर के बाहर लगीं कतारें
नयी दिल्ली, 18 सितंबर (भाषा) दिग्गज प्रौद्योगिकी कंपनी एप्पल की आईफोन 18 शृंखला के फोन शुक्रवार को भारत में बिक्री के लिए उपलब्ध हो गए। इनके लिए दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु तथा नोएडा समेत प्रमुख शहरों में कंपनी के स्टोर के बाहर खरीदारों की कतारें देखी गईं।
एप्पल ने नौ सितंबर को आईफोन 18 शृंखला के उत्पाद पेश किए थे। कंपनी ने 12 सितंबर से भारत समेत 65 देशों में इनकी प्री-बुकिंग शुरू कर दी थी।
आईफोन 18 प्रो और आईफोन 18 प्रो मैक्स मॉडल की भारत में शुरुआती कीमत क्रमशः 1,64,900 रुपये और 1,79,900 रुपये है। दोनों मॉडल चार रंगों और अलग-अलग स्टोरेज क्षमता में उपलब्ध हैं।
दिल्ली के एक एप्पल स्टोर पर एक ग्राहक ने बताया कि उसने आईफोन 15 प्लस से अपग्रेड करने के लिए आईफोन 18 प्रो मैक्स के साथ एप्पल वॉच भी बुक की है। उसने नए मॉडल में बेहतर प्रदर्शन और कई नए फीचर मिलने के कारण इसे खरीदने की बात कही।
दिल्ली के निवासी मन्नत सिंह ने कहा कि वह आईफोन 18 प्रो मैक्स के बरगंडी रंग, ए20 चिप, एआई क्षमताओं और कैमरा फीचर से आकर्षित हुए। उन्होंने एप्पल के ब्रांड आकर्षण को भी खरीद का एक कारण बताया।
मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स स्थित एप्पल स्टोर के बाहर भी खरीदारों की लंबी कतारें देखी गईं। एक ग्राहक ने बताया कि वह पहला आईफोन लेने के लिए सूरत से मुंबई आया था और स्टोर खुलने से करीब 10-12 घंटे पहले वहां पहुंच गया था।
आईफोन 18 प्रो और आईफोन 18 प्रो मैक्स में एप्पल की नवीनतम चिप और उन्नत कैमरा प्रणाली दी गई है। इनके डिस्प्ले, प्रदर्शन और बैटरी से जुड़े फीचर में भी सुधार किया गया है।
आईफोन 18 श्रृंखला की बिक्री भारत में त्योहारी खरीदारी के मौसम से पहले शुरू हुई है। इस दौरान स्मार्टफोन कंपनियां नए उपकरणों की उपलब्धता, प्रचार और वित्तपोषण योजनाओं के जरिये बिक्री बढ़ाने की कोशिश करती हैं।
एप्पल ने इस बार फोल्डेबल स्मार्टफोन की श्रेणी में भी कदम रखा है। कंपनी का आईफोन डुओ मॉडल भारत में बिक्री के लिए 23 अक्टूबर से उपलब्ध होगा। इसकी कीमत 256 जीबी मॉडल के लिए 2,99,900 रुपये से शुरू होकर दो टीबी स्टोरेज वाले मॉडल के लिए 4,49,900 रुपये तक होगी।
भारत में एप्पल का कारोबार तेजी से बढ़ा है। वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का राजस्व 10 अरब डॉलर से अधिक रहने का अनुमान है।
काउंटरपॉइंट रिसर्च के अनुसार, इस अवधि में भारत में एप्पल के आईफोन की बिक्री सालाना आधार पर 24 प्रतिशत बढ़कर 1.4 करोड़ इकाई हो गई। भारतीय बाजार में कंपनी के राजस्व में आईफोन की सबसे बड़ी हिस्सेदारी है।
भाषा प्रेम प्रेम रमण
रमण

Facebook


