आईपीएल बायोलॉजिकल्स ने वडोदरा में अपना तीसरा संयंत्र खोला

Ads

आईपीएल बायोलॉजिकल्स ने वडोदरा में अपना तीसरा संयंत्र खोला

  •  
  • Publish Date - May 21, 2026 / 07:59 PM IST,
    Updated On - May 21, 2026 / 07:59 PM IST

वडोदरा, 21 मई (भाषा) आईपीएल बायोलॉजिकल्स लिमिटेड ने बृहस्पतिवार को गुजरात के वडोदरा में 200 करोड़ रुपये के निवेश के साथ अपनी तीसरी बायोलॉजिकल (जैविक) विनिर्माण इकाई खोली।

कंपनी ने बताया कि इसके साथ ही उसकी कुल उत्पादन क्षमता बढ़कर 7,000 किलोलीटर प्रति वर्ष हो गई है।

यह संयंत्र 12 एकड़ जमीन पर बना है और इसका जमीनी क्षेत्र 2,00,000 वर्ग फुट है। यहां जैव-उर्वरक, जैविक कीटनाशक और फसलों की सेहत से जुड़े उत्पाद बनाए जाएंगे।

कंपनी के बाकी दो संयंत्र उत्तराखंड के हरिद्वार में स्थित हैं।

आईपीएल बायोलॉजिकल्स ने बताया कि यह विस्तार सरकार के उस लक्ष्य के अनुरूप है, जिसके तहत रासायनिक उर्वरकों का इस्तेमाल 50 प्रतिशत तक कम करने का लक्ष्य रखा गया है।

आईपीएल बायोलॉजिकल्स के अध्यक्ष हर्ष वर्धन भगचंदका ने कहा, ‘‘यह तीसरा संयंत्र हमारे पहले चरण के विस्तार का हिस्सा है। हमने इसमें 200 करोड़ रुपये का निवेश किया है और अगले चरण के लिए हम 210 करोड़ रुपये का अतिरिक्त निवेश करने की योजना बना रहे हैं।’’

कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 में अपने कारोबार में 40 प्रतिशत की बढ़ोतरी हासिल करते हुए इसे 290 करोड़ रुपये तक पहुंचाया है। अब कंपनी का लक्ष्य भारत और विदेशों में अपने कारोबार का विस्तार करना है।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय