आईटीसी का दिसंबर तिमाही का शुद्ध लाभ 6.5 प्रतिशत बढ़कर 5,400 करोड़ रुपये

Ads

आईटीसी का दिसंबर तिमाही का शुद्ध लाभ 6.5 प्रतिशत बढ़कर 5,400 करोड़ रुपये

  •  
  • Publish Date - January 29, 2024 / 07:28 PM IST,
    Updated On - January 29, 2024 / 07:28 PM IST

नयी दिल्ली, 29 जनवरी (भाषा) विभिन्न कारोबार क्षेत्रों में काम करने वाली कंपनी आईटीसी लिमिटेड का चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही (अक्टूबर-दिसंबर, 2023) का एकीकृत शुद्ध लाभ 6.51 प्रतिशत बढ़कर 5,400.51 करोड़ रुपये रहा है।

बीते वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी का एकीकृत शुद्ध लाभ 5,070.09 करोड़ रुपये रहा था।

आईटीसी लिमिटेड ने शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि उत्पाद बिक्री से उसकी सकल आमदनी आलोच्य तिमाही में 2.3 प्रतिशत बढ़कर 19,337.84 करोड़ रुपये हो गई। बीते वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह 18,901.76 करोड़ रुपये रही थी।

आईटीसी की परिचालन आय समीक्षाधीन तिमाही में 2.43 प्रतिशत बढ़कर 19,484.50 करोड़ रुपये रही है। बीते वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह 19,020.65 करोड़ रुपये रही थी।

दिसंबर, 2023 तिमाही में कंपनी का कुल खर्च 5.33 प्रतिशत बढ़कर 13,453.73 करोड़ रुपये हो गया।

भाषा अनुराग अजय

अजय