नयी दिल्ली, 19 अप्रैल (भाषा) इवोनिथ स्टील बाजार से जुटाए गए 2,000 करोड़ रुपये का उपयोग अपने मौजूदा ऋण को कम करने और विस्तार योजनाओं को आगे बढ़ाने में करेगी। कंपनी के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि इसमें से 1,750 करोड़ रुपये ऋण चुकाने में खर्च किए जाएंगे, जबकि 250 करोड़ रुपये परियोजनाओं को पूरा करने और नई उत्पादन इकाइयां जोड़ने के लिए निर्धारित किए गए हैं।
अधिकारी ने कहा, ‘‘हमने हाल ही में स्टैंडर्ड चार्टर्ड, जेपी मॉर्गन, आईडीएफसी फर्स्ट बैंक और अन्य से 1,750 करोड़ रुपये का नया ऋण जुटाया है ताकि मौजूदा कर्ज का पुनर्वित्तपोषण किया जा सके और उधार लागत को कम करके, ऋण की अवधि बढ़ाकर और वित्तीय लचीलेपन को बढ़ाकर पूंजी संरचना में सुधार किया जा सके।’
कंपनी ने एचडीएफसी म्यूचुअल फंड से गैर-परिवर्तनीय डिबेंचर (एनसीडी) के माध्यम से 250 करोड़ रुपये भी जुटाए हैं, जिसमें जेपी मॉर्गन इंडिया ने संरचना संबंधी सलाहकार की भूमिका निभाई।
भाषा योगेश अजय
अजय