दिल्ली सरकार ने तैयार किया सेमीकंडक्टर नीति का मसौदा: मुख्यमंत्री

Ads

दिल्ली सरकार ने तैयार किया सेमीकंडक्टर नीति का मसौदा: मुख्यमंत्री

  •  
  • Publish Date - April 19, 2026 / 05:52 PM IST,
    Updated On - April 19, 2026 / 05:52 PM IST

नयी दिल्ली, 19 अप्रैल (भाषा) दिल्ली सरकार युवाओं के कौशल विकास और वैश्विक निवेश को बढ़ावा देने के लिए एक सेमीकंडक्टर नीति तैयार कर रही है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक बयान में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के दृष्टिकोण के अनुरूप यह नीति दिल्ली में एक सेमीकंडक्टर परिवेश विकसित करेगी, जिसमें राज्य की राजधानी में डिजाइन, अनुसंधान और उद्योग विकास पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

बयान में कहा गया कि सरकार ‘दिल्ली सेमीकंडक्टर नीति’ का मसौदा तैयार कर रही है, जिसका उद्देश्य राजधानी को सेमीकंडक्टर डिजाइन, उन्नत शोध एवं विकास और संबंधित गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनाना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सेमीकंडक्टर क्षेत्र वैश्विक अर्थव्यवस्था का एक महत्वपूर्ण स्तंभ बन चुका है और इसके संतुलित एवं सुव्यवस्थित विकास के लिए सरकार व्यापक नीति ढांचा तैयार कर रही है।

इस नीति में कारोबार को सुगम बनाने, नवाचार को बढ़ावा देने और उद्योग आधारित तंत्र विकसित करने के लिए वित्तीय और गैर-वित्तीय दोनों प्रकार के प्रोत्साहन दिए जाएंगे।

प्रस्तावित नीति पांच प्रमुख स्तंभों पर आधारित होगी जिसमें सेमीकंडक्टर डिजाइन और बौद्धिक संपदा विकास, शोध एवं नवाचार, विनिर्माण से जुड़ी गतिविधियां , कौशल विकास, तथा स्टार्टअप और औद्योगिक तंत्र को मजबूत करना शामिल है।

उन्होंने कहा कि यह नीति सेमीकंडक्टर क्षेत्र के उच्च मूल्य वाले हिस्सों, खासकर डिजाइन, शोध एवं विकास और उन्नत पैकेजिंग में दिल्ली की स्थिति को मजबूत करेगी।

यह नीति सेमीकंडक्टर कंपनियों, स्टार्टअप और संबंधित इकाइयों से निवेश आकर्षित करेगी तथा परीक्षण, पैकेजिंग और अन्य सहायक उद्योगों के विकास को भी बढ़ावा देगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे चिप डिजाइन, सेमीकंडक्टर शोध और उन्नत पैकेजिंग जैसे क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

भाषा योगेश पाण्डेय

पाण्डेय