जगुआर लैंडरोवर ने मध्यम अवधि में राजस्व में दहाई अंक वाली वृद्धि का लक्ष्य रखा

Ads

जगुआर लैंडरोवर ने मध्यम अवधि में राजस्व में दहाई अंक वाली वृद्धि का लक्ष्य रखा

  •  
  • Publish Date - June 17, 2026 / 03:23 PM IST,
    Updated On - June 17, 2026 / 03:23 PM IST

नयी दिल्ली, 17 जून (भाषा) ब्रिटिश लक्जरी कार विनिर्माता जगुआर लैंडरोवर (जेएलआर) ने बुधवार को कहा कि वह मध्यम अवधि में दहाई अंक की राजस्व वृद्धि का लक्ष्य रख रही है, जिसके लिए कंपनी विविध इंजन तकनीक और उत्तरी अमेरिकी बाजार पर ध्यान केंद्रित करेगी।

टाटा समूह की कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पी बी बालाजी ने ब्रिटेन के गेयडन स्थित मुख्यालय में निवेशक चर्चा में कहा कि जेएलआर अलग-अलग ग्राहक वर्गों को लक्षित करेगी और वृद्धि के नए स्रोत तैयार करेगी।

बालाजी ने यह भी दोहराया कि वह वित्त वर्ष 2028-29 तक 18 अरब पाउंड के निवेश की अपनी प्रतिबद्धता पर कायम है। खासकर सॉफ्टवेयर और कृत्रिम मेधा (एआई) आधारित वाहनों पर ध्यान के साथ यह निवेश नई प्रौद्योगिकी, वाहन मंच और कंपनी के कायाकल्प में किया जाएगा।

इसके साथ ही कंपनी ने लागत घटाने की योजना भी पेश की है, जिसके तहत 1.7 अरब पाउंड की बचत का लक्ष्य रखा गया है। अगले दो वर्षों में ‘न-नफा न-नुकसान’ का स्तर हासिल करने के लिए करीब तीन लाख वाहनों के उत्पादन स्तर का लक्ष्य रखा गया है।

जेएलआर ने कहा कि वह अगले दो वर्षों में पांच नए उत्पाद पेश करेगी। इसमें कंपनी का जोर पेट्रोल, हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक तीनों तरह की प्रौद्योगिकी पर रहेगा ताकि अलग-अलग बाजारों की जरूरतें पूरी की जा सकें।

कंपनी ने कहा कि वह उत्तरी अमेरिकी बाजार को वृद्धि के प्रमुख इंजन के रूप में देख रही है। स्टेलैंटिस के साथ सहयोग के तहत कंपनी अमेरिका में डिफेंडर ब्रांड के नए खंड और लक्जरी उत्पादों पर काम कर रही है।

इसके अलावा जगुआर ब्रांड को पूरी तरह इलेक्ट्रिक लक्जरी ब्रांड के रूप में विकसित किया जाएगा।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय