जापानी प्रतिनिधिमंडल ने बंगाल के उद्योग मंत्री से मुलाकात कर व्यापार बढ़ाने पर की चर्चा

Ads

जापानी प्रतिनिधिमंडल ने बंगाल के उद्योग मंत्री से मुलाकात कर व्यापार बढ़ाने पर की चर्चा

  •  
  • Publish Date - September 11, 2026 / 07:40 PM IST,
    Updated On - September 11, 2026 / 07:40 PM IST

कोलकाता, 11 सितंबर (भाषा) जापान के विदेश मामलों के राज्य मंत्री अयानो कुनिमित्सु के नेतृत्व में सात सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री तापस रॉय से मुलाकात की।

बैठक में जापान और पश्चिम बंगाल के बीच व्यापार, निवेश और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने के उपायों पर चर्चा हुई।

रॉय ने बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा कि दोनों पक्षों ने निवेश, नवीकरणीय ऊर्जा और कोलकाता-जापान के बीच हवाई संपर्क बढ़ाने जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।

उन्होंने कहा, ‘‘जापानी कंपनियां नवीकरणीय ऊर्जा में रुचि रखती हैं और चाहती हैं कि बिजली के कुल मिश्रण में नवीकरणीय ऊर्जा की हिस्सेदारी बढ़े।’’

पश्चिम बंगाल के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री ने कहा कि बैठक में कोलकाता और जापान के बीच सीधे विमान सेवा शुरू करने के साथ-साथ विभिन्न पारगमन मार्गों के जरिये हवाई संपर्क बेहतर करने पर भी चर्चा हुई।

रॉय ने कहा कि जापानी और भारतीय दोनों कंपनियां पश्चिम बंगाल में सुगम कारोबारी माहौल चाहती हैं। राज्य सरकार ने उन्हें अनुकूल कारोबारी वातावरण उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है।

पश्चिम बंगाल से जापानी रासायनिक कंपनी मित्सुबिशी केमिकल के चले जाने का उल्लेख करते हुए रॉय ने सवाल उठाया कि कंपनी को राज्य छोड़ने की जरूरत क्यों पड़ी। हालांकि, उन्होंने कंपनी के बाहर निकलने की परिस्थितियों के बारे में विस्तार से नहीं बताया।

रॉय ने कहा कि वर्ष 2027 में भारत-जापान के द्विपक्षीय संबंधों के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर पश्चिम बंगाल में कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें खाद्य और सांस्कृतिक महोत्सव भी शामिल होंगे।

भाषा यासिर योगेश रमण

रमण