जियो प्लेटफॉर्म्स ने आईपीओ से पहले किरण थॉमस की जगह पंकज पवार को सीईओ नियुक्त किया

जियो प्लेटफॉर्म्स ने आईपीओ से पहले किरण थॉमस की जगह पंकज पवार को सीईओ नियुक्त किया

जियो प्लेटफॉर्म्स ने आईपीओ से पहले किरण थॉमस की जगह पंकज पवार को सीईओ नियुक्त किया
Modified Date: July 13, 2026 / 09:30 pm IST
Published Date: July 13, 2026 9:30 pm IST

नयी दिल्ली, 13 जुलाई (भाषा) जियो प्लेटफॉर्म्स ने अपने प्रस्तावित आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) से पहले किरण थॉमस की जगह पंकज पवार को मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) बनाया है। कंपनी की विवरण पुस्तिका से यह जानकारी मिली।

कंपनी ने आईपीओ के लिए दस्तावेज सेबी के पास जून में जमा किया था। बाजार नियामक को सौंपे गए मसौदा पत्र में बताया गया है कि थॉमस ने 23 मार्च को मुख्य कार्यपालक अधिकारी पद से इस्तीफा दे दिया था और अगले दिन, 24 मार्च को पवार ने कार्यभार संभाल लिया।

पवार रिलायंस जियो इन्फोकॉम लि. के प्रबंध निदेशक भी हैं।

आईपीओ दस्तावेज के मसौदे में कहा गया, ‘‘53 वर्षीय पंकज मोहन पवार कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी हैं और रिलायंस जियो इन्फोकॉम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक के तौर पर भी काम करते हैं। वह 2000 से रिलायंस ग्रुप से जुड़े हुए हैं और उन्हें बड़े उपभोक्ता और डिजिटल सेवा व्यापार को खड़ा करने और बढ़ाने का लगभग तीन दशक का अनुभव है।’’

थॉमस पहले रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष थे। मसौदा दस्तावेज में वह जियो प्लेटफॉर्म्स के प्रमुख प्रबंधन अधिकारियों में शामिल नहीं हैं, जबकि रिलायंस इंडस्ट्रीज की डिजिटल सेवा इकाई शुरू करने के बाद से वह कंपनी की प्रत्येक प्रस्तुतीकरण और सालाना आम बैठक में दिखाई देते रहे हैं।

इसे बारे में जियो को ई-मेल भेजकर टिप्पणी मांगी गयी, लेकिन उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला।

दस्तावेजों के मसौदे के अनुसार, आरआईएल के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी जियो प्लेटफॉर्म्स के निदेशक मंडल में चेयरमैन और गैर-कार्यकारी निदेशक के तौर पर शामिल होंगे।

मनोज हरजीवनदास मोदी जियो प्लेटफॉर्म्स के गैर-कार्यकारी निदेशक और आकाश अंबानी प्रबंध निदेशक होंगे। उनके भाई-बहन, ईशा और अनंत, गैर-कार्यकारी निदेशक के तौर पर बोर्ड में शामिल होंगे।

जियो प्लेटफॉर्म्स की आईपीओ के जरिये लगभग चार अरब डॉलर (37,700 करोड़ रुपये) जुटाने की योजना है।

भाषा रमण अजय

अजय


लेखक के बारे में