नयी दिल्ली, 21 जुलाई (भाषा) जेएसडब्ल्यू इन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड का जून तिमाही का एकीकृत शुद्ध मुनाफा 8.20 प्रतिशत घटकर 357.60 करोड़ रुपये रहा है। खर्च बढ़ने से कंपनी का मुनाफा घटा है।
कंपनी ने शेयर बाजारों को यह जानकारी दी। देश की दूसरी सबसे बड़ी निजी बंदरगाह परिचालक का एकीकृत शुद्ध मुनाफा इससे पिछले वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 389.57 करोड़ रुपये था।
तिमाही के दौरान कंपनी की कुल आय एक साल पहले के 1,313.70 करोड़ रुपये से बढ़कर 1,501.63 करोड़ रुपये हो गई।
तिमाही के दौरान कंपनी का खर्च एक साल पहले के 841.14 करोड़ रुपये से बढ़कर 1,038.84 करोड़ रुपये हो गया।
कंपनी ने एक बयान में कहा कि अप्रैल-जून की अवधि में उसने 3.1 करोड़ टन सामान की मात्रा को संभाला, जो पिछले साल की तुलना में छह प्रतिशत ज्यादा है।
बयान के अनुसार, इस दौरान कंपनी की परिचालन कर पूर्व आय (ईबीआईटीडीए) 16 प्रतिशत बढ़कर 674 करोड़ रुपये हो गई।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय