उत्तर प्रदेश में अग्निशमन एवं आपात सेवा की मजबूती के लिए 25 करोड़ रुपये से अधिक का प्रस्ताव मंजूर

Ads

उत्तर प्रदेश में अग्निशमन एवं आपात सेवा की मजबूती के लिए 25 करोड़ रुपये से अधिक का प्रस्ताव मंजूर

  •  
  • Publish Date - July 21, 2026 / 07:25 PM IST,
    Updated On - July 21, 2026 / 07:25 PM IST

लखनऊ, 21 जुलाई (भाषा) उत्‍तर प्रदेश मंत्रिमंडल ने मंगलवार को अग्निशमन एवं आपातसेवा को सशक्‍त बनाने के लिए दमकल की कुल 44 गाड़ियों और पांच ‘फोम टेंडर’ के निर्माण एवं खरीद के लिए 25 करोड़ 78 लाख 85 हजार रुपये स्वीकृत किये।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की बैठक में अग्निशमन एवं आपात सेवा को और अधिक सशक्त बनाने के लिए यह निर्णय लिया गया ।

वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बताय कि मंत्रिमंडल ने विभाग के लिए दमकल की कुल 44 गाड़ियों और पांच ‘फोम टेंडर’ के निर्माण और खरीद के लिए 25 करोड़ 78 लाख 85 हजार रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी।

उन्होंने कहा कि पुरानी पड़ चुकी दमकल की 39 गाड़ियों (2500 लीटर क्षमता) के स्थान पर ऐसी नयी गाड़ियां आयेंगी तथा पांच और ऐसी गाड़ियों (2500 लीटर क्षमता) खरीदी जायेंगी।

उन्होंने कहा कि पांच ‘फोम टेंडर’ (5000+500 लीटर क्षमता) का निर्माण एवं क्रय किया जाएगा।

खन्ना ने बताया कि अग्निशमन एवं आपात सेवा एक अत्यंत महत्वपूर्ण आपातकालीन सेवा है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण, शहरी और औद्योगिक क्षेत्रों में आग लगने की घटनाओं पर त्वरित और प्रभावी ढंग से नियंत्रण पाना है।

वित्त मंत्री ने कहा कि तंग मोहल्लों, भीड़भाड़ वाले शहरी क्षेत्रों, कस्बों, औद्योगिक इकाइयों, पेट्रोलियम एवं गैस प्रतिष्ठानों, रासायनिक इकाइयों, एयरपोर्ट, हेलीपैड तथा पेंट और अन्य ज्वलनशील तरल पदार्थों के गोदामों में आग बुझाने के लिए दमकल की आधुनिक गाड़ियों की आवश्यकता को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

भाषा आनन्द

राजकुमार

राजकुमार