नयी दिल्ली, 16 फरवरी (भाषा) जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया वृद्धि के अगले चरण को गति देने के लिए पांच वर्षीय योजना के तहत इस वर्ष चार नए मॉडल पेश करने की योजना बना रही है, जिनमें एक ‘प्लग-इन हाइब्रिड’ एसयूवी भी शामिल है।
कंपनी के प्रबंध निदेशक अनुराग मेहरोत्रा ने पीटीआई-भाषा के साथ बातचीत में कहा कि कंपनी ने प्रीमियम एसयूवी ‘मेजेस्टर’ पेश की है और अपनी उत्पादन क्षमता को वर्तमान के 1.2 लाख इकाई से बढ़ाकर तीन लाख वाहन सालाना करने जा रही है। इसके अलावा, कंपनी स्थानीय उत्पादन को भी बढ़ाएगी और नए मॉडल लाएगी। इसमें कुल मिलाकर 5,000 करोड़ रुपये तक का निवेश होगा।
उन्होंने कहा, ‘‘हम अगले चरण की तैयारी कर रहे हैं, इसलिए हमने एक पांच वर्षीय योजना बनाई है। इस योजना के तहत उत्पादन को बढ़ाकर लगभग तीन लाख इकाई करने का लक्ष्य रखा गया है।’’
मेहरोत्रा ने कहा, ‘‘हम कारखाना विस्तार के लिए 4,000 करोड़ रुपये से 5,000 करोड़ रुपये के बीच निवेश करने की योजना बना रहे हैं। साथ ही यह निवेश उत्पादों और स्थानीयकरण को बढ़ावा देने पर होगा। मुख्य रूप से हमारा पूंजीगत व्यय इन्हीं तीन क्षेत्रों में होगा।’’
उन्होंने वित्तपोषण के संदर्भ में कहा कि कंपनी आंतरिक संसाधनों और बाहरी वित्तपोषण सहित विभिन्न विकल्पों पर विचार कर रही है।
मेहरोत्रा ने वार्षिक क्षमता बढ़ाने की समयसीमा के बारे में कहा, ‘‘विस्तार में आमतौर पर लगभग 18 महीने लगेंगे।’’
गुजरात स्थित कंपनी के हलोल कारखाने की वर्तमान वार्षिक क्षमता 1.2 लाख इकाई है।
नए उत्पादों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘‘इस साल ही हम चार उत्पाद पेश करने की योजना बना रहे हैं।’’
पहला उत्पाद है मैजेस्टर, जिसके इस साल अप्रैल-मई में बाजार में आने की उम्मीद है और यह टोयोटा फॉर्च्यूनर जैसी कारों को टक्कर देगा।
मेहरोत्रा ने कहा, ‘‘इसके बाद हम इसी वर्ष में तीन और उत्पाद पेश करेंगे। मैजेस्टर के अलावा बाकी तीन उत्पाद पूरी तरह से नई ऊर्जा से चलने वाले वाहन होंगे, जिनमें से एक ‘प्लग-इन हाइब्रिड’ होगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘जिन चार उत्पादों की हम बात कर रहे हैं, वे सभी एसयूवी होंगे।’’
भाषा रमण अजय
अजय