नयी दिल्ली, 13 अप्रैल (भाषा) देश की सबसे बड़ी जीवन बीमा कंपनी एलआईसी ने सोमवार को कहा कि उसके निदेशक मंडल ने प्रत्येक मौजूदा शेयर पर एक बोनस शेयर जारी करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी।
भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि निदेशक मंडल की सोमवार को हुई बैठक में बोनस शेयर जारी करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी।
बोनस शेयर का निर्गम 31 दिसंबर, 2025 तक की संचित निधि और अधिशेष से 6,325 करोड़ रुपये का पूंजीकरण कर किया जाएगा।
इसके तहत रिकॉर्ड तिथि पर पात्र शेयरधारकों को 10 रुपये के प्रत्येक पूर्ण चुकता शेयर पर एक अतिरिक्त 10 रुपये का पूर्ण चुकता शेयर दिया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, यह बोनस निर्गम आगे चलकर सरकारी हिस्सेदारी की बिक्री या बिक्री पेशकश (ओएफएस) का मार्ग प्रशस्त कर सकता है और सरकार इस दिशा में योजना बना रही है।
सरकार के पास फिलहाल एलआईसी में 96.5 प्रतिशत हिस्सेदारी है। उसने मई, 2022 में आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के जरिये 3.5 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचकर करीब 21,000 करोड़ रुपये जुटाए थे।
भाषा प्रेम प्रेम अजय
अजय