लोढ़ा डेवलपर्स का चालू वित्त वर्ष में शुद्ध लाभ में 20 प्रतिशत वृद्धि का लक्ष्य

Ads

लोढ़ा डेवलपर्स का चालू वित्त वर्ष में शुद्ध लाभ में 20 प्रतिशत वृद्धि का लक्ष्य

  •  
  • Publish Date - July 26, 2026 / 03:28 PM IST,
    Updated On - July 26, 2026 / 03:28 PM IST

नयी दिल्ली, 26 जुलाई (भाषा) रियल एस्टेट कंपनी लोढ़ा डेवलपर्स लिमिटेड ने चालू वित्त वर्ष (2026-27) में घरों की बेहतर मांग और परियोजनाओं के मजबूत क्रियान्वयन के दम पर अपने शुद्ध लाभ को 4,100 करोड़ रुपये पर पहुंचाने का लक्ष्य रखा है, जो पिछले वित्त वर्ष की तुलना में 20 प्रतिशत अधिक है।

कंपनी ने अपने नवीनतम निवेशक प्रस्तुतीकरण में कहा कि अप्रैल-जून तिमाही में उसने अब तक का सर्वाधिक तिमाही लाभ दर्ज किया। इस दौरान उसका शुद्ध लाभ दोगुना होकर 1,373.1 करोड़ रुपये रहा, जो एक वर्ष पहले की समान अवधि में 675 करोड़ रुपये था।

कंपनी ने बताया कि चालू वित्त वर्ष के लिए तय 4,100 करोड़ रुपये के शुद्ध लाभ के लक्ष्य का लगभग 33 प्रतिशत वह पहली तिमाही में ही हासिल कर चुकी है।

अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ मार्जिन बढ़कर 26.9 प्रतिशत हो गया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 18.6 प्रतिशत था। वहीं, कुल आय बढ़कर 5,096.7 करोड़ रुपये रही, जो एक वर्ष समान अवधि में 3,624.7 करोड़ रुपये थी।

पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में लोढ़ा डेवलपर्स का शुद्ध लाभ 3,430.7 करोड़ रुपये और कुल आय 17,119.5 करोड़ रुपये रही थी। कंपनी के अनुसार, उसका शुद्ध लाभ वित्त वर्ष 2020-21 के लगभग 500 करोड़ रुपये से बढ़कर पिछले वित्त वर्ष में 3,400 करोड़ रुपये से अधिक हो गया।

कंपनी के प्रबंध निदेशक अभिषेक लोढ़ा ने कहा कि बीते वित्त वर्ष में बनी मजबूत गति चालू वर्ष में भी जारी है।

उन्होंने कहा कि आवास क्षेत्र में मजबूत मांग और बड़े ब्रांड के पक्ष में बढ़ते बाजार एकीकरण के चलते कंपनी को दीर्घकाल में सालाना 20 प्रतिशत की लाभ वृद्धि हासिल करने का भरोसा है।

उन्होंने कहा कि कंपनी की लक्षित बाजार में हिस्सेदारी अभी केवल 3.5 प्रतिशत है, जिससे मध्यम और दीर्घकाल में विस्तार की पर्याप्त संभावनाएं हैं।

परिचालन मोर्चे पर कंपनी की बिक्री बुकिंग अप्रैल-जून तिमाही में चार प्रतिशत बढ़कर 4,630 करोड़ रुपये हो गई।

देश की प्रमुख रियल एस्टेट कंपनियों में शामिल लोढ़ा डेवलपर्स की मौजूदगी मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर), पुणे और बेंगलुरु में है। कंपनी चालू वित्त वर्ष में दिल्ली-एनसीआर में अपनी पहली आवासीय परियोजना शुरू करने की भी योजना बना रही है। इसके अलावा, वह कार्यालय, मॉल, भंडार गृह, औद्योगिक पार्क और डेटा सेंटर जैसी वाणिज्यिक परियोजनाएं भी विकसित करती है।

भाषा अजय अजय योगेश

योगेश