LPG e-KYC Last Date. Image Source- IBC24 Archive
रायपुर। LPG e-KYC Last Date: अगर आपके घर में LPG गैस कनेक्शन है तो यह खबर आपके लिए ही है। अगर आप 15 अगस्त तक e-KYC नहीं करवाते हैं तो आपका गैस कनेक्शन बंद हो सकता है। जब तक e-KYC पूरी नहीं हो जाती, तब तक सिलेंडर रिफिल की बुकिंग या डिलीवरी रिसीव नहीं की जा सकेगी। वहीं, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए सब्सिडी का लाभ भी प्रभावित हो सकता है।
दरअसल, देश के अलग-अलग शहरों और जिलों में बड़ी संख्या में LPG उपभोक्ताओं का अब भी e-KYC पूरा नहीं हुआ है। समयसीमा नजदीक आने के साथ गैस एजेंसियां अपने ग्राहकों को कॉल और मैसेज के जरिए e-KYC कराने की जानकारी दे रही हैं। कुछ जगहों पर e-KYC लंबित रहने वाले उपभोक्ताओं की गैस बुकिंग और डिलीवरी को लेकर भी परेशानी की शिकायतें सामने आई हैं।
LPG उपभोक्ता मोबाइल एप के जरिए घर बैठे e-KYC की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इसके लिए अपनी गैस कंपनी के अधिकृत मोबाइल एप पर लॉगिन करना होगा। इंडेन के लिए IndianOil ONE जैसे आधिकारिक एप का इस्तेमाल किया जा सकता है। एप में LPG e-KYC या Aadhaar Authentication का विकल्प चुनकर निर्देशों के अनुसार फेस ऑथेंटिकेशन पूरा किया जा सकता है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद e-KYC सफल होने का कन्फर्मेशन मिल जाता है। अगर मोबाइल से e-KYC नहीं हो पा रही है तो उपभोक्ता अपनी गैस एजेंसी पर जाकर भी इसे पूरा करा सकते हैं। इसके अलावा कई मामलों में सिलेंडर की डिलीवरी के दौरान डिलीवरी कर्मचारी के माध्यम से भी बायोमेट्रिक अथवा एप आधारित सत्यापन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
e-KYC कराने के लिए उपभोक्ता को अपना आधार कार्ड, रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और LPG कंज्यूमर आईडी या गैस पासबुक पास में रखनी चाहिए। उज्ज्वला योजना के तहत LPG कनेक्शन और उसके लाभों से संबंधित आधिकारिक जानकारी PMUY की वेबसाइट पर भी उपलब्ध है।
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को LPG पर लक्षित सब्सिडी का लाभ मिलता है। केंद्र सरकार ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए PMUY उपभोक्ताओं को 14.2 किलोग्राम सिलेंडर पर 300 रुपये तक की लक्षित सब्सिडी को मंजूरी दी थी। ऐसे में e-KYC लंबित रहने से सब्सिडी से जुड़े लाभ प्रभावित न हों, इसके लिए उपभोक्ताओं को समय रहते सत्यापन पूरा करने की सलाह दी जा रही है।
ये भी पढ़ें