एलटीटीएस के सीईओ अमित चड्ढा का 2025-26 का वेतन 17 प्रतिशत घटकर 15 करोड़ रुपये रहा

Ads

एलटीटीएस के सीईओ अमित चड्ढा का 2025-26 का वेतन 17 प्रतिशत घटकर 15 करोड़ रुपये रहा

  •  
  • Publish Date - May 10, 2026 / 02:43 PM IST,
    Updated On - May 10, 2026 / 02:43 PM IST

नयी दिल्ली, 10 मई (भाषा) एलएंडटी टेक्नोलॉजी सर्विसेज (एलटीटीएस) की वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) और प्रबंध निदेशक अमित चड्ढा को वित्त वर्ष 2025-26 के लिए कुल 14.96 करोड़ रुपये का पारिश्रमिक या वेतन और भत्ते मिले हैं। यह राशि इससे पिछले साल की तुलना में 17.4 प्रतिशत कम है।

वित्त वर्ष 2025-26 के लिए चड्ढा के पारिश्रमिक में 5.77 करोड़ रुपये का मूल वेतन, 2.62 करोड़ रुपये का कमीशन और 1.68 करोड़ रुपये का परिवर्तनशील वेतन शामिल था।

इसके अतिरिक्त, उन्हें पिछले कई वर्षों में दिए गए कर्मचारी शेयर स्वामित्व योजना से संबंधित अनुलाभ के रूप में 4.88 करोड़ रुपये मिले।

वार्षिक रिपोर्ट में कहा गया कि चड्ढा के पारिश्रमिक का भुगतान अमेरिकी डॉलर में किया गया। कुल वेतन में दो अंक की गिरावट के बावजूद सीईओ का पारिश्रमिक एलटीटीएस कर्मचारियों के औसत पारिश्रमिक का 147.63 गुना था।

कंपनी के कर्मचारियों का औसत वेतन 31 मार्च, 2026 तक 10.1 लाख रुपये था, जिसमें समीक्षाधीन वित्त वर्ष के दौरान 3.91 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

रिपोर्ट के अनुसार, मुख्य वित्त अधिकारी (सीएफओ) राजीव गुप्ता को 3.83 करोड़ रुपये मिले, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की तुलना में 3.6 प्रतिशत कम है।

भाषा पाण्डेय अजय

अजय