मुंबई, 21 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों के कथित उल्लंघन को लेकर दक्षिण मुंबई के बॉम्बे प्रेसिडेंसी रेडियो क्लब और एक मैकडॉनल्ड्स आउटलेट समेत राज्य के 13 खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
आईएएस अधिकारी तुकाराम मुंढे के मई में एफडीए आयुक्त का पद संभालने के बाद से ही एफडीए ने खाद्य सुरक्षा और अन्य नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ अभियान चलाया हुआ है।
आधिकारिक बयान के मुताबिक, एफडीए ने हाल में चलाए गए अपने विशेष अभियान के तहत राज्य में कुल 89 होटल, रेस्तरां और ढाबों का निरीक्षण किया। इनमें से 71 खाद्य प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किए गए, जबकि 13 प्रतिष्ठानों के खाद्य कारोबार लाइसेंस निलंबित कर दिए गए।
बयान के मुताबिक, 19 अगस्त को निरीक्षण के दौरान रेडियो क्लब में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़े मानकों में 47 प्रतिशत उल्लंघन पाए गए। एफडीए ने निलंबन अवधि में क्लब को खाद्य पदार्थों की खरीद, बिक्री और वितरण रोकने का निर्देश दिया है।
क्लब की रसोई में बड़ी संख्या में जीवित मक्खियां और मरे हुए कॉकरोच पाए गए। इसके अलावा खाद्य सामग्री को सीधे फर्श पर रखने, रसोई क्षेत्र के पास रसायन रखने और खाद्य तैयारी वाले स्थान के ऊपर उखड़ा हुआ पेंट और प्लास्टर पाए जाने की बात कही गई है।
दक्षिण मुंबई के कोलाबा स्थित मेट्रो हाउस में हार्डकैसल रेस्टोरेंट्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित मैकडॉनल्ड्स रेस्तरां का एफएसएसएआई लाइसेंस भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। एफडीए ने कहा कि 19 अगस्त को दोबारा किए गए निरीक्षण में पाया गया कि पहले जारी सुधार नोटिस में दर्ज 20 में से 18 कमियां दूर नहीं की गई हैं।
अधिकारियों ने बताया कि रेस्तरां में तापमान नियंत्रित करने वाले उपकरणों में खामी, जीवित कॉकरोच, गंदगी और खाद्य अपशिष्ट समेत कई कमियां मिलीं। इसके अलावा कर्मचारियों द्वारा हाथ साफ किए बगैर खाने के लिए तैयार खाद्य सामग्री संभालने की बात भी सामने आई।
एफडीए ने कहा कि रेस्तरां ने 12 अगस्त को 148 पन्नों की अनुपालन रिपोर्ट जमा की थी, लेकिन दोबारा निरीक्षण में गंभीर कमियां मौजूद पाई गईं। अधिकारियों ने ग्राहकों को वास्तविक चीज़ और पनीर इस्तेमाल करने की जानकारी दिए जाने के बावजूद प्रसंस्कृत गैर-डेयरी उत्पाद ‘गो चीज सॉस’ के इस्तेमाल की भी बात कही।
मलाड स्थित नोवारा रेस्तरां संचालक इनजेनियस किचन्स प्राइवेट लिमिटेड का लाइसेंस भी निलंबित किया गया है। एफडीए ने कहा कि 13 अगस्त को दोबारा निरीक्षण के दौरान पहले दर्ज 25 गंभीर कमियों में से 14 का समाधान नहीं किया गया था।
नरीमन प्वाइंट स्थित स्टेटस रेस्तरां का लाइसेंस ग्राहक की शिकायत के बाद निलंबित किया गया। निरीक्षण में चेहरा धोने से साफ बर्तनों पर गंदा पानी गिरने, कर्मचारियों के पर्याप्त व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण नहीं पहनने, गंदे बर्तनों, जमा पानी और खाद्य अपशिष्ट जैसी खामियां पाई गईं।
खार पश्चिम स्थित खार जिमखाना का पंजीकरण प्रमाणपत्र भी खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता में गंभीर खामियों के चलते निलंबित किया गया। निरीक्षण में खाद्य सामग्री के भंडारण, कच्चे और तैयार खाद्य पदार्थों को अलग रखने, बर्तनों की सफाई के लिए गर्म पानी और जमे खाद्य पदार्थों को उचित तरीके से पिघलाने से जुड़ी कमियां पाई गईं।
इनके अलावा, मुंबई में बजरंग स्वीट मार्ट, सांताक्रूज पश्चिम और एएसएम होटल्स एंड हॉस्पिटैलिटी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, अंधेरी पश्चिम के लाइसेंस भी निलंबित किए गए।
मुंबई के बाहर नागपुर के ड्यू ब्रदर्स शावरमा, नासिक के अवंती स्नैक्स और अमरावती के पिंटू यादव स्वीट्स के लाइसेंस भी निलंबित किए गए हैं।
छत्रपति संभाजीनगर और परभणी में तीन अन्य प्रतिष्ठानों- छप्पन भोग थाली रेस्तरां एंड बैंक्वेट हॉल, म्हारो गायत्री मेवाड़ प्राइवेट लिमिटेड और स्टार बेकरी, के लाइसेंस भी साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन को लेकर निलंबित किए गए हैं।
भाषा प्रेम
प्रेम रमण
रमण