बेंगलुरु हवाई अड्डा पर घरेलू यात्रियों के लिए उपयोगकर्ता विकास शुल्क में कटौती

Ads

बेंगलुरु हवाई अड्डा पर घरेलू यात्रियों के लिए उपयोगकर्ता विकास शुल्क में कटौती

  •  
  • Publish Date - August 21, 2026 / 07:10 PM IST,
    Updated On - August 21, 2026 / 07:10 PM IST

मुंबई, 21 अगस्त (भाषा) भारतीय विमानपत्तन आर्थिक नियामक प्राधिकरण (एईआरए) ने शुक्रवार को बेंगलुरु अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उपयोगकर्ता विकास शुल्क (यूडीएफ) को घटाकर घरेलू यात्रियों के लिए 300 रुपये और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए 997 रुपये कर दिया। यह कटौती मार्च 2031 तक पांच साल की नियंत्रण अवधि के लिए है।

नियामक ने पहली बार ‘इंक्रीमेंटल एआरआर’ (औसत राजस्व आवश्यकता) रूपरेखा को लागू किया है। इसके तहत बेंगलुरु हवाई अड्डा संचालक द्वारा वहन की गई लागत को उच्च मूल्य वाली पूंजीगत व्यय परियोजनाओं के पूरा होने के बाद ही यात्रियों से वसूला जा सकता है।

इससे पहले परियोजना पूरी होने से पहले ही हवाई यात्रियों से यूडीएफ वसूल लिया जाता था।

एईआरए ने शुक्रवार को कहा कि प्रस्थान करने वाले घरेलू यात्रियों के लिए यूडीएफ 300 रुपये प्रति यात्री तय किया गया है, जो मौजूदा 550 रुपये की राशि से कम है और हवाई अड्डा संचालक बीआईएएल द्वारा प्रस्तावित 450 रुपये से भी कम है।

बयान में कहा गया, ”इसी तरह, प्रस्थान करने वाले अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए यूडीएफ 997 रुपये प्रति यात्री तय किया गया है, जबकि हवाई अड्डा संचालक ने 1,215 रुपये का प्रस्ताव दिया था और मौजूदा यूडीएफ 1,500 रुपये था।”

भाषा पाण्डेय रमण

रमण