देश की शीर्ष 10 कंपनियों में छह का बाजार पूंजीकरण एक लाख करोड़ रुपये बढ़ा
देश की शीर्ष 10 कंपनियों में छह का बाजार पूंजीकरण एक लाख करोड़ रुपये बढ़ा
नयी दिल्ली, पांच जुलाई (भाषा) पिछले सप्ताह शेयर बाजार में तेजी के बीच, बाजार पूंजीकरण के लिहाज से देश की 10 सबसे अधिक मूल्यवान कंपनियों में से छह का बाजार मूल्यांकन एक लाख करोड़ रुपये बढ़ गया। इसमें भारती एयरटेल और बजाज फाइनेंस सबसे अधिक लाभ में रही।
पिछले सप्ताह, बीएसई का मानक सूचकांक सेंसेक्स 663.44 अंक यानी 0.86 प्रतिशत चढ़ा जबकि एनएसई निफ्टी में 214.85 अंक यानी 0.89 प्रतिशत की तेजी रही।
रेलिगेयर ब्रोकिंग लि. के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) अजीत मिश्रा ने कहा कि मजबूत घरेलू वृहद आर्थिक संकेत, अच्छे माल एवं सेवा कर (जीएसटी) संग्रह और बेहतर होती औद्योगिक गतिविधियों के कारण बाजार ने सप्ताह का समापन मजबूती के साथ किया।
उन्होंने कहा, ‘‘अमेरिकी श्रम बाजार के उम्मीद से कमजोर आंकड़ों के बाद अधिक उदार वैश्विक मौद्रिक नीति की उम्मीदों ने निवेशकों के भरोसे को और मजबूत किया।’’
शीर्ष दस कंपनियों में भारती एयरटेल का बाजार मूल्यांकन सबसे अधिक 36,529.21 करोड़ रुपये बढ़कर 11,63,877.30 करोड़ रुपये हो गया।
वहीं बजाज फाइनेंस का बाजार पूंजीकरण 33,059.83 करोड़ रुपये बढ़कर 6,43,141.36 करोड़ रुपये हो गया। आईसीआईसीआई बैंक का मूल्यांकन 16,084.29 करोड़ रुपये बढ़कर 10,11,695.03 करोड़ और भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) का पूंजीकरण 8,601.99 करोड़ रुपये बढ़कर 5,44,139.55 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
आंकड़ों के अनुसार एचडीएफसी बैंक का बाजार पूंजीकरण 7,664.89 करोड़ रुपये बढ़कर 12,33,646.33 करोड़ रुपये हो गया। हिंदुस्तान यूनिलीवर का मूल्यांकन 6,461.38 करोड़ रुपये बढ़कर 5,17,086.30 करोड़ रुपये पहुंच गया।
हालांकि, लार्सन एंड टुब्रो का बाजार पूंजीकरण (एम कैप) 26,572.2 करोड़ रुपये घटकर 5,53,978.63 करोड़ रुपये और रिलायंस इंडस्ट्रीज का एम कैप 18,945.56 करोड़ रुपये कम होकर 17,64,981.36 करोड़ रुपये पर रहा। भारतीय स्टेट बैंक का बाजार पूंजीकरण 4,846.08 करोड़ रुपये कम होकर 9,59,891.92 करोड़ रुपये रहा।
टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) का बाजार मूल्यांकन 1,031.15 करोड़ रुपये घटकर 7,57,175.27 करोड़ रुपये पर आ गया।
बाजार पूंजीकरण के लिहाज से रिलायंस इंडस्ट्रीज देश की सबसे मूल्यवान कंपनी बनी रही। इसके बाद क्रमश: एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, एसबीआई, टीसीएस, बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो, एलआईसी और हिंदुस्तान यूनिलीवर का स्थान रहा।
भाषा रमण योगेश
योगेश

Facebook


