नयी दिल्ली, 10 मार्च (भाषा) उद्योगपति मुकेश अंबानी की अगुवाई वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज ने मंगलवार को कहा कि उसका विशाल जामनगर तेल रिफाइनरी परिसर रसोई गैस एलपीजी का उत्पादन अधिकतम करेगा, जबकि बंगाल की खाड़ी के केजी-डी6 क्षेत्र से गैस को प्राथमिक क्षेत्र को उपलब्ध कराने के लिए मोड़ा जाएगा, ताकि भारतीय अर्थव्यवस्था को पश्चिम एशिया में युद्ध से होने वाले व्यवधानों से उबरने में मदद मिल सके।
कंपनी ने यह कदम ऐसे समय उठाया है जब सरकार ने औद्योगिक उपयोगकर्ताओं के लिए एलपीजी आपूर्ति को घरेलू उपभोक्ताओं की ओर मोड़ दिया है, ताकि आम आदमी को पश्चिम एशिया में युद्ध के प्रभाव से सुरक्षित रखा जा सके।
इसके साथ ही रिफाइनरियों को घरेलू मांग पूरी करने के लिए एलपीजी उत्पादन अधिकतम करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
रिलायंस ने बयान में कहा, ‘‘जब वैश्विक ऊर्जा बाजार अस्थिरता का सामना कर रहे हैं, उस समय भारतीय घरों के लिए आवश्यक ईंधन की निर्बाध पहुंच सुनिश्चित करना राष्ट्रीय प्राथमिकता है।’’
रिलायंस इंडस्ट्रीज ने कहा, ‘‘हम सक्रिय कदम उठा रहे हैं और सरकारी दिशानिर्देशों के अनुरूप, जामनगर में अपने रिफाइनिंग और पेट्रोरसायन परिसर से एलपीजी उत्पादन अधिकतम करने के लिए काम कर रहे हैं। यह दुनियाका सबसे बड़ा एकीकृत रिफाइनिंग केंद्र है। हमारी टीम चौबीसों घंटे रिफाइनरी संचालन को अनुकूलित करने और एलपीजी उत्पादन बढ़ाने के लिए काम कर रही हैं ताकि घरेलू बाजार में आपूर्ति स्थिर और भरोसेमंद बनी रहे।’
कंपनी ने कहा कि साथ ही, केजी-डी6 बेसिन से उत्पादित प्राकृतिक गैस को प्राथमिक क्षेत्रों में आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए मोड़ा जाएगा, जो राष्ट्रीय ऊर्जा प्राथमिकताओं और सरकारी दिशानिर्देशों के अनुरूप है।
भाषा योगेश अजय
अजय