मेघा इंजीनियरिंग अगले तीन साल 40,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी

Ads

मेघा इंजीनियरिंग अगले तीन साल 40,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी

  •  
  • Publish Date - July 3, 2026 / 03:04 PM IST,
    Updated On - July 3, 2026 / 03:04 PM IST

हैदराबाद, तीन जुलाई (भाषा) मेघा इंजीनियरिंग एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर्स लिमिटेड (एमईआईएल) समूह अगले दो से तीन साल में 40,000 करोड़ रुपये तक का पूंजीगत व्यय निवेश करेगी। कंपनी ने अगले पांच वर्षों में समूह का कुल कारोबार दो लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। कंपनी के एक शीर्ष अधिकारी ने यह जानकारी दी।

एमईआईएल के प्रबंध निदेशक पी. वी. कृष्णा रेड्डी ने कहा कि समूह अपनी विभिन्न अनुषंगी कंपनियों का चरणबद्ध तरीके से आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) लाने की भी योजना बना रही है। इस क्रम में सबसे पहले ईवी ट्रांस प्राइवेट लिमिटेड का आईपीओ लाया जाएगा।

ईवी ट्रांस 100 प्रतिशत इलेक्ट्रिक बसों का संचालन करने वाली भारत की एकमात्र कंपनी है। 2018 में स्थापित यह कंपनी मुंबई, पुणे, सूरत, गोवा, हैदराबाद, देहरादून तथा नागपुर जैसे कई शहरों में सफलतापूर्वक ई-बसें चलाती है।

कृष्णा रेड्डी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए साक्षात्कार में कहा, ‘‘पिछले वर्ष पूरे समूह का कारोबार लगभग 60,000 करोड़ रुपये रहा था। इस वर्ष हमें 80,000 करोड़ रुपये के कारोबार की उम्मीद है। अगले पांच साल में नए कारोबार सहित पूरे समूह का राजस्व दो लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य है।’’

रेड्डी ने बताया कि फिलहाल समूह के कुल कारोबार में प्रमुख कंपनी एमईआईएल की हिस्सेदारी लगभग 60 प्रतिशत है, लेकिन भविष्य में हरित ऊर्जा, इलेक्ट्रिक वाहन और अन्य नए कारोबार भी महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘हम अगले दो से तीन वर्षों में जरूरत के अनुसार 30,000 करोड़ रुपये से 40,000 करोड़ रुपये तक निवेश करने की योजना बना रहे हैं।’’

भाषा

यासिर अजय

अजय