मेटा ने प्रधानमंत्री समेत प्रमुख हस्तियों की पोस्ट पर कड़ी निगरानी का भरोसा दिलायाः सूत्र

Ads

मेटा ने प्रधानमंत्री समेत प्रमुख हस्तियों की पोस्ट पर कड़ी निगरानी का भरोसा दिलायाः सूत्र

  •  
  • Publish Date - July 29, 2026 / 09:54 PM IST,
    Updated On - July 29, 2026 / 09:54 PM IST

नयी दिल्ली, 29 जुलाई (भाषा) सोशल मीडिया कंपनी मेटा ने बुधवार को सरकार को पत्र लिखकर प्रधानमंत्री और अन्य प्रमुख हस्तियों द्वारा पोस्ट की जाने वाली सामग्रियों के लिए लागू किए गए सख्त एवं उन्नत सुरक्षा उपायों का ब्योरा दिया। सूत्रों ने यह जानकारी दी।

सूत्रों के मुताबिक, मेटा ने सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) मंत्रालय को सूचित किया है कि प्रधानमंत्री और अन्य प्रमुख हस्तियों की तरफ से पोस्ट की गई सामग्री पर अतिरिक्त निगरानी रखी जाएगी और उनकी समीक्षा कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों के कई स्तर पर की जाएगी।

सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की फेसबुक पोस्ट को कुछ समय के लिए हटाने से जुड़े मामले में मेटा की टीम इस सप्ताह के अंत या अगले सप्ताह की शुरुआत में सरकारी अधिकारियों से मुलाकात कर सकती है।

इस संदर्भ में टिप्पणी के लिए फेसबुक एवं इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया मंचों का संचालन करने वाली कंपनी मेटा को भेजे गए ईमेल का कोई जवाब नहीं मिला।

सरकार ने प्रधानमंत्री मोदी की एक फेसबुक पोस्ट को थोड़ी देर के लिए हटाए जाने के मुद्दे पर मंगलवार को मेटा के वैश्विक लोक नीति प्रमुख को तलब किया था। प्रधानमंत्री ने 23 जुलाई की इस पोस्ट में युवाओं को संबोधित करते हुए पेपर लीक के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया था।

अमेरिका स्थित इस सोशल मीडिया कंपनी ने इसे तकनीकी गड़बड़ी बताते हुए माफी भी मांगी थी। हालांकि, आईटी मंत्रालय ने इस स्पष्टीकरण को ‘अपर्याप्त’ माना था।

प्रधानमंत्री मोदी का यह वीडियो संदेश पहले 23 जुलाई को इंस्टाग्राम पर साझा किया गया और बाद में इसे फेसबुक पर डाला गया था। लेकिन मेटा ने इसे कुछ समय के लिए रोक दिया था।

सूत्रों के मुताबिक, मेटा ने इस स्थिति के लिए अपने स्वचालित एआई कंटेंट फिल्टर में आई तकनीकी गड़बड़ी को जिम्मेदार बताया था। मेटा ने कहा था कि गलती से हटाई गई सामग्री को बाद में बहाल कर दिया गया था।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय