जनवरी-मार्च में शीर्ष सात शहरों में घरों की कीमतों में मामूली वृद्धि: एनारॉक

जनवरी-मार्च में शीर्ष सात शहरों में घरों की कीमतों में मामूली वृद्धि: एनारॉक

जनवरी-मार्च में शीर्ष सात शहरों में घरों की कीमतों में मामूली वृद्धि: एनारॉक
Modified Date: April 5, 2026 / 03:23 pm IST
Published Date: April 5, 2026 3:23 pm IST

नयी दिल्ली, पांच अप्रैल (भाषा) पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच नकारात्मक उपभोक्ता धारणा के कारण बिक्री में आई गिरावट से देश के शीर्ष सात आवास बाजारों में जनवरी-मार्च अवधि के दौरान औसत कीमतों में पिछली तिमाही की तुलना में केवल दो प्रतिशत की मामूली वृद्धि देखी गई। संपत्ति के बारे में परामर्श देने वाली कंपनी एनारॉक की रिपोर्ट में यह बात कही गई।

एनारॉक के आंकड़ों के अनुसार, सात प्रमुख शहरों में घरों की औसत कीमतें जनवरी-मार्च में बढ़कर 9,456 रुपये प्रति वर्ग फुट हो गईं, जो पिछली तिमाही में 9,260 रुपये प्रति वर्ग फुट थीं।

सालाना आधार पर, कीमतों में सात प्रतिशत की वृद्धि हुई, जो जनवरी-मार्च, 2025 में 8,868 रुपये प्रति वर्ग फुट थी।

एनारॉक सात प्रमुख शहरों के प्राथमिक (पहली बिक्री) आवास बाजारों पर निगरानी रखता है। इन शहरों में मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर), दिल्ली-एनसीआर, बेंगलुरु, पुणे, हैदराबाद, चेन्नई और कोलकाता शामिल हैं।

एनारॉक ने बताया कि इन शहरों में वित्त वर्ष 2025-26 की जनवरी-मार्च अवधि में घरों की बिक्री में पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही की तुलना में मात्रा में सात प्रतिशत और मूल्य में छह प्रतिशत गिरावट आई। इस कारण कीमतें अधिकांशतः नियंत्रण में रहीं।

आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में औसत आवास मूल्य जनवरी-मार्च में तीन प्रतिशत बढ़कर 9,620 रुपये प्रति वर्ग फुट हो गया, जो पिछली तिमाही में 9,300 रुपये प्रति वर्ग फुट था। पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह 8,330 रुपये प्रति वर्ग फुट था, जिसमें सालाना आधार 15 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

मुंबई महानगर क्षेत्र में वित्त वर्ष 2025-26 की जनवरी-मार्च तिमाही के दौरान दरें बढ़कर 17,600 रुपये प्रति वर्ग फुट हो गईं, जो वित्त वर्ष 2024-25 की समान तिमाही में 16,900 रुपये प्रति वर्ग फुट थी।

बेंगलुरु में औसत कीमतें वित्त वर्ष 2025-26 की जनवरी-मार्च तिमाही में बढ़कर 9,310 रुपये प्रति वर्ग फुट हो गईं, जो वित्त वर्ष 2024-25 की समान तिमाही में 8,650 रुपये प्रति वर्ग फुट थीं।

पुणे में वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में आवासीय संपत्तियों की कीमतें दो प्रतिशत बढ़कर 8,220 रुपये प्रति वर्ग फुट हो गईं, जो वित्त वर्ष 2024-25 की समान तिमाही में 7,800 रुपये प्रति वर्ग फुट थीं।

एनारॉक के अनुसार, चेन्नई में वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में औसत आवास की कीमतें बढ़कर 7,165 रुपये प्रति वर्ग फुट हो गईं, जो वित्त वर्ष 2024-25 की समान तिमाही में 6,900 रुपये प्रति वर्ग फुट थीं।

वित्त वर्ष 2025-26 की जनवरी-मार्च तिमाही में कोलकाता में आवास की औसत कीमतें बढ़कर 6,290 रुपये प्रति वर्ग फुट हो गईं, जो वित्त वर्ष 2024-25 की समान तिमाही में 5,950 रुपये प्रति वर्ग फुट थीं, जिसमें वार्षिक आधार पर छह प्रतिशत की वृद्धि हुई।

भाषा योगेश अजय

अजय


लेखक के बारे में