एयर इंडिया दिल्ली-टोरंटो के बीच एक अगस्त से ‘नॉन-स्टॉप’ उड़ान शुरू करेगी
एयर इंडिया दिल्ली-टोरंटो के बीच एक अगस्त से ‘नॉन-स्टॉप’ उड़ान शुरू करेगी
नयी दिल्ली, 22 जुलाई (भाषा) एयर इंडिया एक अगस्त से दिल्ली और टोरंटो के बीच बिना किसी ठहराव वाली उड़ानें शुरू करेगी और इसके लिए नए बोइंग 787-9 ड्रीमलाइनर विमानों का इस्तेमाल किया जाएगा।
एयरलाइन एक साल से अधिक समय बाद इस मार्ग पर किसी ईंधन ठहराव के बगैर उड़ान सेवा को बहाल कर रही है। पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र 2025 में बंद होने की वजह से उसे उत्तर अमेरिका और यूरोप के लिए लंबा मार्ग अपनाना पड़ा था।
एयर इंडिया ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि एक अगस्त से दिल्ली-टोरंटो के बीच दैनिक उड़ानें संचालित होंगी, जो अभी सप्ताह में पांच बार चलाई जा रही हैं।
फिलहाल इस मार्ग पर उड़ानें बोइंग 777 विमानों के जरिये वियना में ईंधन भरने के ठहराव के साथ संचालित की जा रही हैं।
एयरलाइन ने कहा कि ईंधन ठहराव हटने से दिल्ली-टोरंटो उड़ान का समय करीब तीन घंटे घटकर लगभग 20 घंटे से 17 घंटे रह जाएगा। टोरंटो से दिल्ली की वापसी उड़ान पहले की तरह नॉन-स्टॉप रहेगी, जिसकी अवधि करीब 16 घंटे है।
एयर इंडिया के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक कैंपबेल विल्सन ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर नए विमानों और बेहतर केबिन सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को बेहतर अनुभव मिलेगा।
भाषा प्रेम प्रेम अजय
अजय

Facebook


