सोना 1,900 रुपये के उछाल के साथ दो सप्ताह के उच्च स्तर पर, चांदी 8,500 रुपये मजबूत

सोना 1,900 रुपये के उछाल के साथ दो सप्ताह के उच्च स्तर पर, चांदी 8,500 रुपये मजबूत

सोना 1,900 रुपये के उछाल के साथ दो सप्ताह के उच्च स्तर पर, चांदी 8,500 रुपये मजबूत
Modified Date: July 22, 2026 / 07:03 pm IST
Published Date: July 22, 2026 7:03 pm IST

नयी दिल्ली, 22 जुलाई (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में बुधवार को सोने की कीमतों में 1,900 रुपये की बढ़ोतरी हुई और यह दो सप्ताह के उच्च स्तर 1.49 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। इसकी वजह मजबूत हाजिर मांग और वैश्विक बाजारों में मजबूती का रुख रही।

अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 1,900 रुपये बढ़कर 1,49,600 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स सहित) हो गई।

मंगलवार को यह 1,47,700 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

सात जुलाई को स्थानीय बाजार में सोने की कीमत 1,49,250 रुपये प्रति 10 ग्राम थीं।

लगातार छह सत्रों की गिरावट के बाद चांदी में सुधार हुआ और इसकी कीमत 8,500 रुपये बढ़कर 2,30,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स सहित) हो गई। पिछले सत्र में यह 2,21,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।

कारोबारियों ने कहा कि विदेशी बाजार में मजबूत कीमतों, फिर से बढ़ी हाजिर मांग और पिछले सप्ताह की गिरावट के बाद निचली कीमत पर लिवाली बढ़ने के कारण सोने में लगातार तीसरे सत्र में तेजी बनी रही।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज में वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘बुधवार को वैश्विक बाजार से मिले सकारात्मक संकेतों के कारण सोने की कीमतों में तेजी आई और हाजिर मांग में सुधार आने के बाद कीमतें दो सप्ताह के उच्च स्तर पर पहुंच गईं।’’

वैश्विक स्तर पर, हाजिर सोने की कीमत 47.43 डॉलर या 1.16 प्रतिशत बढ़कर 4,125.24 डॉलर प्रति औंस हो गई और चांदी की कीमत लगभग एक प्रतिशत बढ़कर 59.32 डॉलर प्रति औंस हो गई।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय


लेखक के बारे में