मारुति सुजुकी के खरखौदा विनिर्माण संयंत्र का मोदी-तकाइची ने किया उद्घाटन
मारुति सुजुकी के खरखौदा विनिर्माण संयंत्र का मोदी-तकाइची ने किया उद्घाटन
नयी दिल्ली, दो जुलाई (भाषा) प्रमुख वाहन विनिर्माता मारुति सुजुकी इंडिया के हरियाणा के खरखौदा में स्थित अत्याधुनिक विनिर्माण संयंत्र का बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और जापान की प्रधानमंत्री सनाए तकाइची ने उद्घाटन किया।
दोनों नेताओं ने राजधानी में आयोजित भारत-जापान संयुक्त आर्थिक मंच के दौरान इस संयंत्र का ऑनलाइन माध्यम से उद्घाटन किया।
कंपनी ने एक बयान में कहा कि इस संयंत्र की शुरुआती वार्षिक उत्पादन क्षमता पांच लाख इकाई है, जिसे आगे बढ़ाकर 10 लाख इकाई तक किया जाएगा। करीब 800 एकड़ में फैले संयंत्र में एकीकृत आपूर्तिकर्ता पार्क भी शामिल है।
इस संयंत्र की स्थापना पर कुल 35,000 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है और इससे 21,000 से अधिक रोजगार पैदा होने की संभावना है।
सोनीपत जिले के खरखौदा में स्थापित संयंत्र मारुति सुजुकी का चौथा विनिर्माण संयंत्र है। आने वाले वर्षों में 40 लाख वाहनों की वार्षिक उत्पादन क्षमता हासिल करने की कंपनी की योजना में इसके अहम भूमिका निभाने की उम्मीद है।
इस मौके पर आयोजित समारोह में सुजुकी मोटर कॉरपोरेशन के अध्यक्ष तोशिहिरो सुजुकी ने कहा कि यह संयंत्र कंपनी का सबसे उन्नत विनिर्माण केंद्र है और यह भारत-जापान साझेदारी तथा ‘मेक इन इंडिया’ पहल की सफलता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि अनुकूल नीतिगत माहौल के चलते कंपनी भारत में निवेश, रोजगार, निर्यात और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में तेजी से विस्तार कर रही है।
सुजुकी ने कहा कि उसकी पहली बैटरी इलेक्ट्रिक कार ई-विटारा का उत्पादन भारत में ही किया जा रहा है, जिसे 100 से अधिक देशों में निर्यात किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भारत में निर्मित वाहनों के बढ़ते निर्यात के कारण सुजुकी मोटर जापान में सबसे बड़ी कार आयातक बन गई है, जो ‘मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड’ पहल की सफलता को दर्शाता है।
भाषा प्रेम
प्रेम अजय
अजय

Facebook


