मूमार्क ने जापान की अकिबा फार्म होल्डिंग्स के साथ डेयरी, जेलाटो सहयोग के लिए समझौता किया

मूमार्क ने जापान की अकिबा फार्म होल्डिंग्स के साथ डेयरी, जेलाटो सहयोग के लिए समझौता किया

मूमार्क ने जापान की अकिबा फार्म होल्डिंग्स के साथ डेयरी, जेलाटो सहयोग के लिए समझौता किया
Modified Date: May 22, 2026 / 12:28 pm IST
Published Date: May 22, 2026 12:28 pm IST

नयी दिल्ली, 22 मई (भाषा) भारतीय डिजिटल डेयरी कंपनी मूमार्क ने प्रीमियम जेलाटो उत्पाद विकसित करने और डेयरी नवाचार सहयोग को बढ़ाने के लिए जापान की अकिबा फार्म होल्डिंग्स के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।

यह समझौता मूमार्क की प्रौद्योगिकी-आधारित दुग्ध आपूर्ति शृंखला को अकिबा फार्म होल्डिंग्स के करीब 140 वर्षों के पारंपरिक डेयरी उत्पादन अनुभव के साथ जोड़ता है। मूमार्क की आपूर्ति शृंखला भारत के 17 राज्यों के 42,000 से अधिक गांवों तक फैली है और 35 लाख पंजीकृत किसान इससे जुड़े हैं।

समझौते के तहत, दोनों कंपनियां प्रीमियम दुग्ध उत्पादों के विकास के लिए एक समर्पित नवाचार प्रयोगशाला स्थापित करने की योजना बना रही हैं। यह नवाचार प्रयोगशाला जापानी ‘तकुमी’ अवधारणा से प्रेरित होगी। ‘तकुमी’ एक ऐसी सोच है जो कौशल में महारत और निरंतर सुधार पर केंद्रित होती है।

इस साझेदारी के तहत जापानी टोटल मिक्स्ड रेशन (टीएमआर) आधारित पशु आहार प्रणाली भी शुरू की जाएगी जो वैज्ञानिक रूप से तैयार की गई है। इसका उद्देश्य पशुओं के पोषण, दूध उत्पादन एवं स्थिरता में सुधार करना है। इसे पहले शुरुआती परियोजनाओं के रूप में लागू किया जाएगा और बाद में मूमार्क के छोटे किसानों के नेटवर्क में विस्तार किया जाएगा।

मूमार्क के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) रंजीत मुकुंदन ने कहा, ‘‘ यह साझेदारी भारत के डिजिटल डेयरी तंत्र की बढ़ती ताकत और वैश्विक संभावनाओं को दर्शाती है।’’

मूमार्क, स्टेलऐप्स टेक्नोलॉजीज की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी है।

भारत दुनिया का सबसे बड़ा दूध उत्पादक देश है, जहां वार्षिक उत्पादन 24.8 करोड़ टन से अधिक है।

अकिबा फार्म होल्डिंग्स के दुग्ध उत्पाद जापान तथा अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मशहूर हैं।

भाषा निहारिका

निहारिका


लेखक के बारे में