मांग कमजोर रहने से अधिकांश तेल-तिलहन कीमतों में गिरावट, सोयाबीन तिलहन में सुधार
मांग कमजोर रहने से अधिकांश तेल-तिलहन कीमतों में गिरावट, सोयाबीन तिलहन में सुधार
नयी दिल्ली, 11 फरवरी (भाषा) भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के बाद तेल-तिलहन बाजार की कारोबारी धारणा कमजोर रहने तथा मांग सुस्त रहने के बीच देश के तेल-तिलहन बाजार में बुधवार को अधिकांश तेल-तिलहन के दाम टूट गये। दूसरी ओर मध्य प्रदेश में प्लांट वालों द्वारा सोयाबीन का दाम बढ़ाने के कारण सोयाबीन तिलहन के दाम सुधार दर्शाते बंद हुए।
शिकॉगो एक्सचेंज में घट-बढ़ है। जबकि मलेशिया एक्सचेंज दोपहर साढ़े तीन बजे गिरावट के साथ बंद हुआ।
बाजार सूत्रों ने बताया कि सरसों के भाव पहले ही ऊंचे हैं जिससे मांग कमजोर है। इसके अलावा, मौसम खुलने के बाद सरसों की नई फसल भी 10-15 दिन में बाजार में आ जायेगी तो आगे दाम में और गिरावट आ सकती है।
इसी प्रकार, खराब बाजार धारणा के बीच, पैसों की तंगी की वजह से आयातकों की ओर से लागत से नीचे दाम पर की जा रही बिकवाली के कारण सोयाबीन तेल के दाम भी टूट गये।
उन्होंने बताया कि मलेशिया एक्सचेंज में गिरावट तथा जाड़े में मांग कमजोर रहने के बीच पाम-पामोलीन तेल के दाम में भी गिरावट देखी गई।
सूत्रों ने बताया कि बाजार धारणा खराब होने के बीच बाकी तेल-तिलहनों की तरह बिनौला तेल कीमतें भी गिरावट के साथ बंद हुईं।
सूत्रों ने बताया कि सोयाबीन तिलहन का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 5,328 रुपये क्विंटल है। मध्य प्रदेश में 12-15 दिन पहले सोयाबीन तिलहन का दाम घटाकर 5,900-5,950 रुपये क्विंटल कर दिया था। जबकि किसानों को पहले जैसा इससे कहीं अधिक दाम फिर से मिलने की उम्मीद है। कल दाम घटाये जाने के बाद किसानों ने बाजार में आवक लाना कम कर दिया जिसके बाद आज प्लांट वालों ने आवक की कमी को दूर करने के लिए सोयाबीन के दाम में 200-250 रुपये क्विंटल की वृद्धि की। इस वजह से सोयाबीन तिलहन कीमतों में सुधार है। हालांकि, गत दिनों दाम घटाये जाने के बावजूद घटा हुआ दाम एमएसपी से अधिक ही था पर किसानों को पहले की तरह इससे भी ऊंचे दाम मिलने की उम्मीद है।
तेल-तिलहनों के भाव इस प्रकार रहे:
सरसों तिलहन – 6,935-6,960 रुपये प्रति क्विंटल।
मूंगफली – 6,975-7,350 रुपये प्रति क्विंटल।
मूंगफली तेल मिल डिलिवरी (गुजरात) – 17,000 रुपये प्रति क्विंटल।
मूंगफली रिफाइंड तेल – 2,710-3,010 रुपये प्रति टिन।
सरसों तेल दादरी- 14,225 रुपये प्रति क्विंटल।
सरसों पक्की घानी- 2,395-2,495 रुपये प्रति टिन।
सरसों कच्ची घानी- 2,395-2,540 रुपये प्रति टिन।
सोयाबीन तेल मिल डिलिवरी दिल्ली- 14,450 रुपये प्रति क्विंटल।
सोयाबीन मिल डिलिवरी इंदौर- 14,050 रुपये प्रति क्विंटल।
सोयाबीन तेल डीगम, कांडला- 11,310 रुपये प्रति क्विंटल।
सीपीओ एक्स-कांडला- 11,825 रुपये प्रति क्विंटल।
बिनौला मिल डिलिवरी (हरियाणा)- 13,050 रुपये प्रति क्विंटल।
पामोलिन आरबीडी, दिल्ली- 13,700 रुपये प्रति क्विंटल।
पामोलिन एक्स- कांडला- 12,575 रुपये (बिना जीएसटी के) प्रति क्विंटल।
सोयाबीन दाना – 5,400-5,450 रुपये प्रति क्विंटल।
सोयाबीन लूज- 5,000-5,050 रुपये प्रति क्विंटल।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय

Facebook


