नयी दिल्ली, 24 फरवरी (भाषा) अदाणी पावर की बिजली इकाई मोक्सी पावर जेनरेशन को तमिलनाडु पावर डिस्ट्रीब्यूशन कॉर्पोरेशन से पांच वर्ष के लिए 558 मेगावाट बिजली आपूर्ति का ठेका मिला है।
कंपनी के मंगलवार को जारी बयान के अनुसार, मोक्सी पावर तमिलनाडु के तूतीकोरिन में 1,200 मेगावाट (2X 600 मेगावाट) का बिजली संयंत्र संचालित करती है। वहीं अदाणी पावर 18.15 गीगावाट उत्पादन क्षमता के साथ भारत की सबसे बड़ी निजी बिजली उत्पादक है।
बयान के अनुसार, अदाणी पावर की अनुषंगी कंपनी मोक्सी पावर जेनरेशन लिमिटेड (एमपीजीएल) को तमिलनाडु पावर डिस्ट्रीब्यूशन कॉर्पोरेशन लिमिटेड(टीएनपीडीसीएल) से पांच वर्ष के लिए 558 मेगावाट (शुद्ध) बिजली आपूर्ति का ठेका मिला है।
एमपीजीएल ने 5.910 रुपये प्रति यूनिट का शुल्क प्रस्तावित करते हुए कड़ी प्रतिस्पर्धा वाली बोली में सबसे कम बोलीदाता के रूप में उभरकर यह ठेका हासिल किया। आपूर्ति एक अप्रैल 2026 से शुरू होगी।
अब संयंत्र की दोनों इकाइयों के पास बिजली आपूर्ति समझौते हैं और अदाणी पावर की कुल परिचालन क्षमता का 95 प्रतिशत से अधिक हिस्सा मध्यम से दीर्घकालिक अनुबंधों के तहत सुरक्षित है।
यह कंपनी को दीर्घकालिक राजस्व की स्पष्टता प्रदान करता है और अल्पकालिक बाजार अस्थिरता से जोखिम भी कम करता है।
कंपनी का लक्ष्य आने वाले वर्ष में अपने सभी परिचालित और जल्द चालू होने वाले संयंत्रों के लिए करीब 100 प्रतिशत बिजली खरीद समझौता (पीपीए) हासिल करना है।
इस बिजली आपूर्ति समझौते से तमिलनाडु के उपभोक्ताओं को अतिरिक्त 558 मेगावाट विश्वसनीय एवं उच्च गुणवत्ता वाली बिजली उपलब्ध होने की उम्मीद है। इससे ग्रिड स्थिरता मजबूत होगी और घरों, व्यवसायों एवं उद्योगों को निर्बाध बिजली आपूर्ति में सहायता मिलेगी।
प्रतिस्पर्धी शुल्क पर बिजली सुनिश्चित होने से उपभोक्ताओं को आने वाले वर्ष में अधिक किफायती और भरोसेमंद ऊर्जा का लाभ मिलने की संभावना है।
अदाणी पावर भारत की सबसे बड़ी निजी ताप विद्युत उत्पादक कंपनी है।
भाषा निहारिका
निहारिका