एमटीएनएल ने सरकारी गारंटी वाले बॉन्ड का ब्याज एस्क्रो खाते में जमा नहीं कराया

Ads

एमटीएनएल ने सरकारी गारंटी वाले बॉन्ड का ब्याज एस्क्रो खाते में जमा नहीं कराया

  •  
  • Publish Date - March 13, 2026 / 10:14 PM IST,
    Updated On - March 13, 2026 / 10:14 PM IST

नयी दिल्ली, 13 मार्च (भाषा) सरकारी दूरसंचार कंपनी एमटीएनएल इस साल 24 मार्च को देय ‘सॉवरेन गारंटी बॉन्ड’ पर ब्याज की राशि एस्क्रो खाते में जमा कराने में नाकाम रही है। कंपनी ने शुक्रवार को शेयर बाजार को यह जानकारी दी।

एमटीएनएल, दूरसंचार विभाग और बीकन ट्रस्टीशिप लिमिटेड के बीच हस्ताक्षरित त्रिपक्षीय समझौते (टीपीए) की भुगतान व्यवस्था के मुताबिक, दूरसंचार कंपनी को देय तिथि से 10 दिन पहले बैंक ऑफ इंडिया में खोले गए एस्क्रो खाते में ब्याज की राशि जमा करनी होती है। इस मामले में ब्याज भुगतान की देय तिथि 24 मार्च, 2026 है।

सार्वजनिक क्षेत्र की एमटीएनएल ने कहा, ”त्रिपक्षीय समझौते के उपरोक्त प्रावधानों को देखते हुए सूचित किया जाता है कि पर्याप्त धन के अभाव में एमटीएनएल बैंक ऑफ इंडिया के एस्क्रो खाते में जरूरी राशि जमा नहीं कर सकी।”

एमटीएनएल ने स्पष्ट किया कि उसके द्वारा जारी किए गए सभी बॉन्ड को केंद्र सरकार ने अपनी गारंटी दी हुई है।

भाषा पाण्डेय प्रेम

प्रेम