मुथूट फाइनेंस का शुद्ध लाभ जून तिमाही में 43 प्रतिशत बढ़कर 2,825 करोड़ रुपये पर

Ads

मुथूट फाइनेंस का शुद्ध लाभ जून तिमाही में 43 प्रतिशत बढ़कर 2,825 करोड़ रुपये पर

  •  
  • Publish Date - August 1, 2026 / 08:59 PM IST,
    Updated On - August 1, 2026 / 08:59 PM IST

नयी दिल्ली, एक अगस्त (भाषा) गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (एनबीएफसी) मुथूट फाइनेंस का एकीकृत शुद्ध लाभ वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून 2026) में 43 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 2,825 करोड़ रुपये हो गया।

कंपनी का शुद्ध लाभ वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में 1,974 करोड़ रुपये था।

मुथूट फाइनेंस ने शेयर बाजार को बताया कि समीक्षाधीन तिमाही में उसकी कुल आय बढ़कर 8,695 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में 6,485 करोड़ रुपये थी।

कंपनी ने शनिवार को बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में उसका कुल खर्च भी बढ़कर 4,898 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह 3,812 करोड़ रुपये था।

मुथूट फाइनेंस की प्रबंधनाधीन परिसंपत्तियां (एयूएम) 43 प्रतिशत बढ़कर 1,91,532 करोड़ रुपये हो गईं, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह 1,33,938 करोड़ रुपये थीं।

कंपनी के निदेशक मंडल ने एक अक्टूबर, 2026 से अलेक्जेंडर जॉर्ज को प्रबंध निदेशक नियुक्त करने की सिफारिश की है। हालांकि, यह नियुक्ति आगामी वार्षिक आम बैठक में शेयरधारकों की मंजूरी के अधीन होगी।

निदेशक मंडल ने के आर बिजिमोन को एक अक्टूबर 2026 से कंपनी का मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किए जाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। वर्तमान प्रबंध निदेशक जॉर्ज अलेक्जेंडर मुथूट अब कार्यकारी वाइस चेयरमैन की जिम्मेदारी संभालेंगे।

भाषा

यासिर पाण्डेय

पाण्डेय