नमो ईवेस्ट ने ई-कचरे से दुर्लभ खनिज तत्व के उत्पादन को हरियाणा सरकार के साथ करार
नमो ईवेस्ट ने ई-कचरे से दुर्लभ खनिज तत्व के उत्पादन को हरियाणा सरकार के साथ करार
फरीदाबाद, एक जून (भाषा) ई-कचरा पुनर्चक्रण क्षेत्र की कंपनी नमो ईवेस्ट मैनेजमेंट लिमिटेड ने बैटरी अपशिष्ट और अन्य इलेक्ट्रॉनिक कचरे से दुर्लभ खनिज तत्व के उत्पादन के लिए हरियाणा सरकार के साथ 100 करोड़ रुपये के संयंत्र की स्थापना संबंधी समझौता किया है। कंपनी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
कंपनी ने बताया कि ‘मेक इन हरियाणा’ औद्योगिक नीति के तहत हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन (एमओयू) के अनुसार एक नया संयंत्र स्थापित किया जाएगा, जिसकी प्रसंस्करण क्षमता 25,000 टन प्रतिवर्ष (एमटीपीए) ई-कचरा और बैटरी अपशिष्ट की होगी।
कंपनी के अनुसार, संयंत्र के पूर्ण रूप से परिचालन में आने के बाद उसकी वार्षिक आय में लगभग 500 करोड़ रुपये का योगदान होने का अनुमान है।
समझौता हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में किया गया।
कंपनी के प्रबंध निदेशक अक्षय जैन ने कहा, “दुर्लभ खनिज तत्व आधुनिक प्रौद्योगिकी की आधारशिला हैं। इनका उपयोग इलेक्ट्रिक वाहन से लेकर नवीकरणीय ऊर्जा प्रणालियों तक में होता है। घरेलू उत्पादन क्षमता स्थापित करके हम न केवल कंपनी की विकास यात्रा को गति दे रहे हैं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य में भी सार्थक योगदान दे रहे हैं।”
भाषा यासिर अजय
अजय

Facebook


