पीएनजी कनेक्शन में तेज लाने को एनडीएमसी ने सड़क मरम्मत शुल्क माफ किया

Ads

पीएनजी कनेक्शन में तेज लाने को एनडीएमसी ने सड़क मरम्मत शुल्क माफ किया

  •  
  • Publish Date - March 20, 2026 / 09:37 PM IST,
    Updated On - March 20, 2026 / 09:37 PM IST

नयी दिल्ली, 20 मार्च (भाषा) एनडीएमसी ने अपने क्षेत्र में पाइप के जरिये आपूर्ति की जाने वाली रसोई गैस (पीएनजी) के विस्तार के लिए पाइपलाइन बिछाने हेतु लगने वाले ‘सड़क मरम्मत शुल्क’ को तीन महीने के लिए माफ कर दिया है। शुक्रवार को जारी एक परिपत्र में यह जानकारी दी गई।

नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनएमडीसी) के बयान के अनुसार, यह निर्णय तीन महीने तक प्रभावी रहेगा। उम्मीद है कि इस कदम से इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) द्वारा पीएनजी कनेक्शन देने के काम में तेजी आएगी।

शुल्क माफी का मुख्य उद्देश्य पाइपलाइन बिछाने के काम में होने वाली देरी को खत्म करना है। इससे यह सुनिश्चित होगा कि घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को बिना किसी कागजी या प्रक्रियात्मक रुकावट के जल्द कनेक्शन मिल सकें।

दिशानिर्देशों के तहत एनडीएमसी ने अपने विभागों को निर्देश दिया है कि आवेदन मिलने के 24 घंटे के भीतर सड़क खुदाई की अनुमति दे दी जाए, ताकि काम तुरंत शुरू हो सके।

आधिकारिक बयान में कहा गया है कि आईजीएल को पर्याप्त कर्मचारी लगाकर काम को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया है। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि खुदाई वाले हिस्सों को तुरंत भरा जाए ताकि निवासियों को असुविधा न हो।

अधिकारियों ने बताया कि एनडीएमसी के सड़क विभागों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे प्रभावित रास्तों को एक निश्चित समय सीमा के भीतर ठीक करें, ताकि यातायात और पैदल चलने वालों को परेशानी न हो।

नगरपालिका परिषद ने कहा कि सभी संबंधित अधिकारियों को इन निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।

भाषा सुमित रमण

रमण