नीमच, 29 जून (भाषा) केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने सोमवार को मध्यप्रदेश में कुल 950 मेगावाट क्षमता वाली दो सौर ऊर्जा परियोजनाओं का उद्घाटन किया और कहा कि इनमें शामिल नीमच सोलर पार्क में 2.14 रुपये प्रति यूनिट का शुल्क संभवतः दुनिया में ‘वैनिला सोलर’ परियोजना की सबसे कम दर है।
ऊर्जा क्षेत्र में ‘वैनिला सोलर’ शब्द का इस्तेमाल आमतौर पर ऐसी सौर ऊर्जा परियोजनाओं के लिए किया जाता है जिनमें केवल सौर पैनल के जरिये बिजली उत्पादन किया जाता है और बैटरी भंडारण जैसी अतिरिक्त सुविधाएं शामिल नहीं होतीं।
जोशी ने एक समारोह में जिन नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं का उद्घाटन किया, उनमें नीमच का 500 मेगावाट क्षमता का सौर पार्क और शाजापुर का 450 मेगावाट क्षमता का सौर पार्क शामिल हैं।
इस मौके पर राज्य के मुख्यमंत्री मोहन यादव भी मौजूद थे।
अधिकारियों ने बताया कि कुल 2,500 एकड़ पर निर्मित तीन इकाइयों वाले नीमच सोलर पार्क में उत्पादित बिजली की दर 2.14 रुपये, 2.149 रुपये और 2.15 रुपये प्रति यूनिट है।
जोशी ने उद्घाटन समारोह में कहा, ‘‘नीमच सोलर पार्क में बड़ा गजब का काम हुआ है। जहां तक मुझे जानकारी है, 2.14 रुपये प्रति यूनिट सारे देश में नहीं, बल्कि सारी दुनिया में वैनिला सोलर परियोजना से बनने वाली बिजली की शायद सबसे कम दर है।’’
केंद्रीय मंत्री ने नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की और कहा कि मध्यप्रदेश ‘हरित ऊर्जा का पावरहाउस’ बन रहा है।
जोशी ने कहा कि प्रदेश की कुल 38 गीगावाट की स्थापित बिजली उत्पादन क्षमता में से लगभग 12 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों पर आधारित है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपेक्षा के अनुरूप राज्य की कुल स्थापित बिजली उत्पादन क्षमता में नवीकरणीय ऊर्जा की हिस्सेदारी कम से कम 50 प्रतिशत होनी चाहिए।
जोशी ने कहा कि केंद्र सरकार के अध्ययन के अनुसार, प्रदेश में लगभग 55 गीगावाट पवन ऊर्जा क्षमता है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में राज्य में 3.7 गीगावाट पवन ऊर्जा क्षमता स्थापित है और 1.3 गीगावाट क्षमता की परियोजनाओं पर काम जारी है।
उन्होंने कहा,‘‘अगर अगले दो वर्ष का लक्ष्य तय करके राज्य में पवन ऊर्जा उत्पादन को बढ़ाकर कम से कम 10 गीगावाट तक पहुंचाया जाता है, तो बिजली की कीमत बहुत कम हो जाएगी। इससे राज्य के किसानों व उद्योगों को फायदा होगा और नये औद्योगिक निवेश की रफ्तार तेज होगी।’’
केंद्रीय मंत्री ने जोर देकर कहा कि राज्य के हर सरकारी भवन में सौर ऊर्जा परियोजना स्थापित होना चाहिए।
कार्यक्रम में जोशी और मुख्यमंत्री यादव ने करीब 1,554 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश वाली 38 औद्योगिक परियोजनाओं का भूमिपूजन और उद्घाटन भी किया।
अधिकारियों ने बताया कि इन परियोजनाओं के माध्यम से 3,200 से ज्यादा प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
भाषा हर्ष जितेंद्र अजय
अजय