नयी दिल्ली, 29 जून (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोमवार को कारोबारियों की ओर से कम कीमत पर लिवाली बढ़ाने के कारण सोने की कीमतों में 1,300 रुपये का सुधार दर्ज हुआ और यह 1.46 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया, जिससे इसमें तीन दिन से जारी गिरावट का सिलसिला थम गया।
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 1,300 रुपये बढ़कर 1,46,600 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स सहित) हो गई, जबकि बृहस्पतिवार को यह 1,45,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी।
‘मुहर्रम’ के कारण शुक्रवार को सर्राफा बाजार बंद थे।
हालांकि, चांदी की कीमतों में लगातार चौथे सत्र में गिरावट आई और यह 2,000 रुपये टूटकर 2,24,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स सहित) रह गई। पिछले सत्र में, चांदी 2,26,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।
बाजार विश्लेषकों ने सोने की कीमतों में सुधार का कारण हालिया गिरावट के बाद सस्ती कीमत पर होने वाली लिवाली को बताया, जबकि चांदी की कीमतों में विदेशी बाजारों की कमजोरी का असर जारी रहा।
लेमन मार्केट्स डेस्क के शोध विश्लेषक, गौरव गर्ग ने कहा, ‘‘सोमवार को घरेलू बाजार में वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच चांदी की कीमतों पर दबाव रहा।’’
अंतरराष्ट्रीय बाजार में, हाजिर सोने की कीमत 54.14 डॉलर या 1.32 प्रतिशत गिरकर 4,035.12 डॉलर प्रति औंस रह गई, और चांदी की कीमत लगभग तीन प्रतिशत टूटकर 57.62 डॉलर प्रति औंस रह गई।
मिराए एसेट शेरखान में जिंस और मुद्रा प्रमुख, प्रवीण सिंह ने कहा, ‘‘सप्ताहांत के दौरान अमेरिका-ईरान के बीच तनाव फिर बढ़ने से वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों और अमेरिकी डॉलर इंडेक्स में बढ़ोतरी हुई है।’’
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय