अशोकनगर में बनने वाला नया कॉल सेंटर 2,000 युवाओं को रोजगार देगा : सिंधिया

अशोकनगर में बनने वाला नया कॉल सेंटर 2,000 युवाओं को रोजगार देगा : सिंधिया

अशोकनगर में बनने वाला नया कॉल सेंटर 2,000 युवाओं को रोजगार देगा : सिंधिया
Modified Date: July 17, 2026 / 09:46 pm IST
Published Date: July 17, 2026 9:46 pm IST

अशोकनगर (मध्यप्रदेश), 17 जुलाई (भाषा) केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शुक्रवार को कहा कि मध्यप्रदेश के अशोकनगर जिले में स्थापित होने वाला नया कॉल सेंटर 2,000 युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराएगा।

सिंधिया ने यहां संवाददाताओं से कहा कि जिले में संचालित मौजूदा कॉल सेंटर में इस समय 592 युवा कार्यरत हैं और इसके दूसरे चरण का निर्माण रिलायंस-जियो द्वारा छह करोड़ रुपये की लागत से कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि 40,000 वर्ग फुट क्षेत्र में स्थापित होने वाले नए कॉल सेंटर में 2,000 युवाओं को रोजगार मिलेगा।

अशोकनगर, सिंधिया के संसदीय क्षेत्र गुना लोकसभा सीट का हिस्सा है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उनकी प्राथमिकता कम लागत वाली ऐसी परियोजनाओं को बढ़ावा देना है, जिनसे अधिक से अधिक लोगों को रोजगार मिल सके, बजाय अधिक लागत वाली ऐसी परियोजनाओं के, जिनसे अपेक्षाकृत कम रोजगार सृजित हों।

उन्होंने कहा कि इस कॉल सेंटर में कार्य करने वाले युवाओं को 20,000 रुपये से 25,000 रुपये प्रतिमाह तक वेतन मिल सकेगा।

सिंधिया ने कहा कि यह परियोजना अशोकनगर की अर्थव्यवस्था में बदलाव लाएगी और इसे एक नए रोजगार केंद्र के रूप में विकसित करेगी। उन्होंने कहा कि इसका लाभ गुना, शिवपुरी, करैरा, राघौगढ़, बमौरी और यहां तक कि झांसी के युवाओं को भी मिलेगा।

उन्होंने यह भी बताया कि गुना में सीमेंट संयंत्र तथा शिवपुरी में निजी क्षेत्र के रक्षा संबंधी संयंत्र की स्थापना का कार्य पहले ही शुरू हो चुका है।

भाषा सं, दिमो रवि कांत रमण

रमण


लेखक के बारे में