एनएचबी ने रक्षा, अर्धसैनिक और सरकारी कर्मचारियों पर केंद्रित ‘गृह सुगम’ पोर्टल शुरू किया

Ads

एनएचबी ने रक्षा, अर्धसैनिक और सरकारी कर्मचारियों पर केंद्रित 'गृह सुगम' पोर्टल शुरू किया

  •  
  • Publish Date - March 26, 2026 / 08:09 PM IST,
    Updated On - March 26, 2026 / 08:09 PM IST

नयी दिल्ली, 26 मार्च (भाषा) राष्ट्रीय आवास बैंक (एनएचबी) ‘गृह सुगम’ पोर्टल शुरू किया है। एनएचबी किफायती आवास वित्तपोषण को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा स्थापित एक शीर्ष एजेंसी है।

एनएचबी ने बृहस्पतिवार को बयान में कहा कि यह पोर्टल रक्षा और सरकारी कर्मचारियों को उनकी तैनाती वाली जगह से ही आसानी से आवास ऋण लेने में सक्षम बनाता है।

बैंक ने कहा कि यह पोर्टल डिजिटल लेंडिंग (ऋण देने की डिजिटल प्रक्रिया) को अपनाने और वित्तीय समावेशन को गति देगा।

बैंक ने आगे कहा कि यह आवास ऋण तक बेहतर पहुंच सुनिश्चित करके लोगों के लिए घर का मालिक बनने के अवसर बढ़ाएगा, जिससे किफायती और टिकाऊ आवास वित्त को बढ़ावा देने के मिशन को मजबूती मिलेगी।

बैंक ने बताया कि रक्षाकर्मी, अर्धसैनिक बलों और सरकारी कर्मचारी (राज्य और केंद्र दोनों के) अपनी-अपनी प्रशासनिक इकाइयों के माध्यम से डिजिटल रूप से आवास ऋण के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें ऋण की मंजूरी और प्रसंस्करण के लिए बैंकों या वित्तीय संस्थानों के चक्कर लगाने की कोई आवश्यकता नहीं है।

बैंक ने बताया कि इस पोर्टल की सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए सरकारी संस्थाओं द्वारा पंजीकरण किया जा सकता है। बैंक ने आगे कहा कि कर्मचारी बहुत कम जानकारी (डेटा) देकर ही आवास ऋण के लिए अपना अनुरोध दर्ज कर सकते हैं, जिसे बाद में पंजीकृत ऋण देने वाली इकाइयों को भेज दिया जाता है।

बैंक ने कहा कि ऋण देने वाली संस्थाएं अपने सबसे अच्छे प्रस्ताव (ऑफर) देंगी, जिनकी तुलना करके ऋण आवेदक अपनी पसंद का प्रस्ताव स्वीकार कर सकता है।

बैंक ने यह भी कहा कि इससे आवास ऋण की सुविधा तक पहुंच आसान हो जाएगी—विशेष रूप से दूरदराज के इलाकों में तैनात रक्षा और अर्धसैनिक बलों के लिए—जिससे देश में किफायती आवास क्षेत्र भी मजबूत होगा।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय