बीएसएनएल 50,000–60,000 नए मोबाइल टावर लगाएगी: सिंधिया

Ads

बीएसएनएल 50,000–60,000 नए मोबाइल टावर लगाएगी: सिंधिया

  •  
  • Publish Date - March 26, 2026 / 08:59 PM IST,
    Updated On - March 26, 2026 / 08:59 PM IST

नयी दिल्ली, 26 मार्च (भाषा) केंद्रीय दूरसंचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बृहस्पतिवार को कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) अगले वित्त वर्ष में 50,000 से 60,000 और मोबाइल टावर जोड़कर मजबूत नेटवर्क तैयार करेगी।

केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि कंपनी का परिचालन लाभ चालू वित्त वर्ष में दहाई अंक में बढ़ने की उम्मीद है।

सिंधिया ने बताया कि बीएसएनएल ने 4जी नेटवर्क बनाने में एक साल में अब तक का सबसे बड़ा पूंजीगत निवेश 20,000 करोड़ रुपये का किया है, जिसे जल्द ही 5जी नेटवर्क में अद्यतन किया जाएगा।

उन्होंने ‘टाइम्स नाउ समिट’ में कहा, “आज बीएसएनएल के एक लाख टावर काम कर रहे हैं, जो हमारी स्वदेशी और आत्मनिर्भर 4जी प्रौद्योगिकी से सिग्नल भेज रहे हैं। इसी आधार पर अब हम नेटवर्क का विस्तार करने की योजना बना रहे हैं। कुल 98,000 टावर लगभग तैयार हो चुके हैं। हम इसे 50,000 से 60,000 और टावर जोड़कर और मजबूत बनाना चाहते हैं, ताकि नेटवर्क पूरी तरह से टिकाऊ रहे और फिर इसे बहुत तेजी से 5जी में बदला जा सके।”

उन्होंने कहा कि 5जी नेटवर्क में बदलाव उतना कठिन नहीं होगा क्योंकि बीएसएनएल का नेटवर्क पूरी तरह से आत्मनिर्भर 4जी प्रौद्योगिकी पर आधारित है। केवल कुछ अतिरिक्त मोबाइल टावर की आवश्यकता होगी, जिन्हें केंद्रीय नेटवर्क सॉफ्टवेयर के माध्यम से अपडेट किया जा सकेगा। सिंधिया ने कहा कि जून, 2024 में बीएसएनएल के 8.55 करोड़ ग्राहक थे, जो अब बढ़कर 9.27 करोड़ हो गए हैं।

सिधिंया ने यह भी बताया कि बीएसएनएल ने 18 साल के अंतराल के बाद तिमाही लाभ के रूप में 262 करोड़ रुपये कमाए हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा, “कर पूर्व आय के आधार पर वित्त वर्ष 2023-24 में हमारा परिचालन मार्जिन लगभग 2,395 करोड़ रुपये था। वित्त 2024-25 में यह बढ़कर 5,100 करोड़ रुपये हो गया। मेरी आशा है कि इस वित्त वर्ष 2025-26 में यह लाभ और भी बढ़कर दो अंक की दर से आगे बढ़ेगा।”

भाषा योगेश अजय

अजय