पाकिस्तान के पंजाब से पिछले साल से अब तक 33,000 से अधिक अफगानी निर्वासित

Ads

पाकिस्तान के पंजाब से पिछले साल से अब तक 33,000 से अधिक अफगानी निर्वासित

  •  
  • Publish Date - March 26, 2026 / 09:17 PM IST,
    Updated On - March 26, 2026 / 09:17 PM IST

(एम. जुल्करनैन)

लाहौर, 26 मार्च (भाषा) पाकिस्तान के पंजाब प्रांत से अवैध अफगानियों के खिलाफ पिछले साल शुरू की गई कार्रवाई के दौरान महिलाओं और बच्चों समेत 33,000 से अधिक अफगान नागरिकों को निर्वासित किया गया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पंजाब के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) अब्दुल करीम ने एक बयान में कहा कि निर्वासित किए गए लोगों में से 10,505 लोग ऐसे हैं जिनके पास निवास प्रमाण पत्र है जबकि 11,100 अफगान नागरिक कार्ड धारक और 11,416 अवैध निवासी शामिल हैं।

करीम ने कहा, ‘‘पंजाब में अवैध रूप से रह रहे 33,000 से अधिक अफगान नागरिकों को अब तक अफगानिस्तान वापस भेज दिया गया है। इनमें से 12,565 पुरुष, 6,695 महिलाएं और 13,760 बच्चे हैं।’’

आईजीपी ने कहा, ‘‘पंजाब भर में अवैध विदेशी नागरिकों को निर्वासित करने की प्रक्रिया लगातार जारी है।’’

उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया अंतरराष्ट्रीय कानूनों के अनुसार की जा रही है।

पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच हाल ही में हुए संघर्ष के बाद यहां के अधिकारियों ने अफगान नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है।

इस कार्रवाई से अफगान से जुड़े लोगों में काफी चिंता पैदा हो गई है, कुछ निवासियों का दावा है कि वे पीढ़ियों से पाकिस्तान में रह रहे हैं।

संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार आयोग ने इन निर्वासन की व्यापकता और प्रकृति पर चिंता व्यक्त की है।

भाषा यासिर रंजन

रंजन