नयी दिल्ली, 26 मार्च (भाषा) ओला इलेक्ट्रिक ने बृहस्पतिवार को ‘एंड आईसीई एज’ अभियान शुरू करने की घोषणा की, जिसका उद्देश्य भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों के प्रसार को तेजी से बढ़ावा देना है।
कंपनी ने बताया कि इस अभियान के तहत वह अपने एस1 एक्स (2 किलोवाट घंटा) और रोडस्टर एक्स (2.5 किलोवाट घंटा) मॉडल की शुरुआती कीमत 49,999 रुपये रख रही है। इसके साथ ही पूरे उत्पाद समूह पर 50,000 रुपये तक के लाभ भी दिए जा रहे हैं, जो 31 मार्च, 2026 तक मान्य होंगे।
कंपनी का कहना है कि इस पहल से इलेक्ट्रिक वाहन आम लोगों के लिए अधिक आकर्षक विकल्प बनेंगे, खासकर ऐसे समय में जब ईंधन की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं।
ओला इलेक्ट्रिक के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक भाविश अग्रवाल ने कहा कि कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव ने ऊर्जा सुरक्षा के महत्व को फिर से सामने ला दिया है और देश को ऊर्जा के वैकल्पिक साधनों की ओर तेजी से बढ़ना होगा।
उन्होंने कहा कि ‘#एंड आईसीई एज’ अभियान के तहत कंपनी अपने उत्पादों को किफायती कीमत, भरोसेमंद सेवा और भविष्य में आसान बदलाव की सुविधा के साथ पेश कर रही है, ताकि अधिक से अधिक लोग इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाएं।
कंपनी ने ग्राहकों के लिए सेवा से जुड़ी कई सुविधाएं भी दी हैं, जिनमें तय समय के भीतर सेवा, खरीद वापसी गारंटी और लंबी अवधि की वारंटी शामिल है। यदि सेवा में देरी होती है तो ग्राहकों को मुफ्त टैक्सी सुविधा भी दी जाएगी।
इसके अलावा कंपनी ने बताया कि उसके सभी एस1 स्कूटर और रोडस्टर मोटरसाइकिल पर अब आठ साल की विस्तारित वारंटी दी जा रही है, जिससे ग्राहकों को लंबे समय तक भरोसा और सुविधा मिल सके।
भाषा योगेश अजय
अजय